1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. शिंदे की शिवसेना ने बीजेपी के 'दुश्मन' से मिलाया हाथ, क्या महायुति में बढ़ेगा तनाव?

शिंदे की शिवसेना ने बीजेपी के 'दुश्मन' से मिलाया हाथ, क्या महायुति में बढ़ेगा तनाव?

उल्हासनगर के बाहुबली पप्पू कलानी परिवार के साथ शिवसेना ने गठबंधन किया है। पप्पू कलानी कुख्यात अपराधी है। पप्पू कलानी उल्हासनगर से विधायक रह चुका है।

पप्पू कलानी का स्वागत- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पप्पू कलानी का स्वागत

मुंबई से सटे उल्हासनगर में एक नया सियासी समीकरण देखने को मिल रहा है, जिससे महाराष्ट्र की महायुति सरकार में तनाव बढ़ सकता है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने उल्हासनगर के कुख्यात और बाहुबली नेता पप्पू कलानी के परिवार के साथ हाथ मिला लिया है।

शिंदे सेना और कलानी परिवार का गठबंधन

पप्पू कलानी एक कुख्यात अपराधी है। पप्पू कलानी उल्हासनगर से विधायक रह चुका है। उल्हासनगर में कलानी रसूखदार सियासी परिवार है।

पप्पू कलानी के बेटे ओमी कलानी ने हाल ही में शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे से मुलाकात की और आगामी उल्हासनगर महानगर पालिका चुनावों में शिवसेना को पूरा समर्थन देने का ऐलान किया।

Image Source : Reporter Inputपप्पू कलानी को खिलाई जा रही मिठाई

बीजेपी के लिए बन सकता है सिरदर्द 

यह गठबंधन बीजेपी के लिए सिरदर्द बन सकता है, क्योंकि उल्हासनगर में बीजेपी का एक मजबूत जनाधार है। पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार ने ओमी कलानी को हराकर ही जीत हासिल की थी, जिससे दोनों परिवारों के बीच राजनीतिक दुश्मनी जगजाहिर है। अब जबकि शिंदे सेना ने बीजेपी के 'दुश्मन' से ही हाथ मिला लिया है, तो यह सवाल उठ रहा है कि क्या महायुति के दोनों बड़े दल एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे?

बीजेपी भी उल्हासनगर महानगर पालिका चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है और इस क्षेत्र से विधायक भी बीजेपी के ही हैं। ऐसे में शिंदे सेना का कलानी परिवार के साथ आना न सिर्फ बीजेपी की रणनीति को प्रभावित कर सकता है, बल्कि महायुति के भीतर भी तकरार पैदा कर सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बीजेपी इस नए सियासी घटनाक्रम पर क्या प्रतिक्रिया देती है?

ये भी पढ़ें-

दिल्ली की CM के पति आधिकारिक बैठक में दिखें तो AAP ने उठाया सवाल, BJP बोली- इसमें कुछ गलत नहीं

नौकरी लगते ही एक और पत्नी के बदल गए बोल, अब कह रही- पति के साथ नहीं रहना, धोखे से हुई थी शादी