हरियाणा के पलवल से पति और पत्नी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पति ने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया है। दोनों ने लव मैरिज की थी, लेकिन पत्नी के दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल बनते ही उसने पति को छोड़ दिया।
26 वर्षीय पीतम का आरोप है कि उन्होंने पत्नी को दिल्ली पुलिस में भर्ती के लिए टेस्ट की तैयारी कराई। जैसे ही पत्नी की पुलिस में नौकरी लगी वो उसे छोड़कर मायके चली गई। अब उसके साथ रहने से इंकार कर दिया है। पति ने इसे लेकर सीएम हरियाणा और राष्ट्रीय मानवाधिकार नई दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई है।
दूसरी तरफ, दिल्ली पुलिस की 29 वर्षीय कांस्टेबल का कहना है कि धोखे से बहकाकर शादी की गई। किसी और बहाने से मंदिर ले गया था। कांस्टेबल का कहना है कि उसका कथित पति कह रहा है कि वह बेरोजगार है, तलाक मांगोगी तो गुजारा भत्ता देना होगा।
लाइब्रेरी से रिश्ते की हुई शुरुआत
पलवल के गांव बड़ौली के रहने वाले पीतम ने बताया कि साल 2021 में उन्होंने पलवल में एक लाइब्रेरी शुरू की थी, जहां सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले छात्र आते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात 29 वर्षीय एक युवती से हुई, जो वहां पढ़ाई करने आती थी। दोनों के बीच प्यार हो गया और उन्होंने जनवरी 2023 में बल्लभगढ़ के एक आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली।
शादी के बाद वह कुछ समय युवती के घर पर रहे। उसके बाद रसूलपुर चौक पर एक फ्लैट में रहने लगे। इस दौरान दिल्ली पुलिस में भर्ती निकली, तो युवती ने भी आवेदन किया। पीतम का कहना है कि तब वह लाइब्रेरी को शिफ्ट कर किठवाड़ी चौक के पास ले आए थे।
पत्नी की नौकरी के लिए बेच दी लाइब्रेरी
पीतम का कहना है कि पत्नी की नौकरी की तैयारी करने के लिए उनको पैसों की बेहद जरूरत थी। इसी जरूरत को पूरा करने के लिए अपनी लाइब्रेरी बेच दी और अपनी कुछ जमीन का हिस्सा भी बेच दिया, क्योंकि शहर में रहने और पढ़ाई का खर्च काफी ज्यादा था। उन्होंने पत्नी को लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट, दोनों की तैयारी कराई। फरवरी 2024 में पत्नी को दिल्ली पुलिस में ट्रेनिंग के लिए बुलाया गया।
वेरिफिकेशन में अविवाहित दिखाया
पीतम का कहना है कि जब दिल्ली पुलिस में टेस्ट और फिजिकल पास होने के बाद वेरिफिकेशन के लिए बुलाया गया, तो उनकी पत्नी ने अपने आपको विवाहित न दिखाकर अविवाहित दिखाया, जिसका बाद में उन्हें पता लगा।
ट्रेनिंग पूरी कर फरवरी 2025 में मायके लौटी
पीतम ने बताया कि फरवरी 2025 में पत्नी अपनी ट्रेनिंग को खत्म करके वापस मायके घर आ गई। लेकिन किसी ने उसको इसकी जानकारी नहीं दी। जब वह पत्नी को लेने राजीव नगर घर पहुंचा तो उसके माता-पाता ने सामाजिक तौर पर शादी करने का हवाला देकर बेटी को साथ भेजने से इंकार कर दिया। जब उसने पत्नी से घर चलने के लिए बोला तो उसने साफ इंकार कर दिया। पत्नी के घरवालों ने उससे कहा कि वह अपने लिए कोई दूसरी लड़की देखकर शादी कर ले।
कोर्ट में पहुंचा मामला
पीतम ने बताया कि अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए उन्होंने कोर्ट का सहारा लिया है। उन्होंने सेक्शन 9 के तहत कोर्ट में अपील की है और फरवरी 2026 की तारीख लगी है। उन्होंने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को भी शिकायत दी है कि कि पत्नी ने वेरिफिकेशन के दौरान शादीशुदा होने की जानकारी छिपाई है। दिल्ली पुलिस उनके बयान दर्ज कर चुकी है।
"धोखे से बहला-फुसलाकर शादी की थी"
धोखे व साजिश से मंदिर ले गए इस मामले में अपना पक्ष रखते हुए दिल्ली पुलिस की कांस्टेबल ने कहा कि उनके ऊपर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। पीतम ने धोखे से बहला-फुसलाकर शादी की थी। उसको किसी काम के बहाने मंदिर ले गया। वहां पर पहले से ही उसके घरवाले मौजूद थे, जिसके चलते दबाव में आकर उसने शादी कर ली।
"पीतम ने कर्ज के चलते बेची लाइब्रेरी"
कांस्टेबल का कहना है कि पीतम ने अपने कर्ज की वजह से लाइब्रेरी बेची थी। पीतम को उसके छोटे भाई की शादी में हमने 6 लाख रुपये से सहायता की थी। परिवार ने सामाजिक शादी के लिए समय मांगा। कांस्टेबल का कहना है कि जब वो ट्रेनिंग पूरी कर लौटी, तो परिवार ने पीतम से कहा था कि सामाजिक तौर पर शादी करेंगे। इसके लिए दिसंबर 2025 तक का समय मांगा था। पीतम ने समय देने के बजाय ये आरोप लगाने शुरू कर दिए।
"गुजारा भत्ते का डर दिखा रहा पीतम"
कांस्टेबल ने कहा कि पीतम खुद उसको ट्रेनिंग टाइम से फोर्स कर रहा है कि या तो शादी करके मेरे साथ रहो या फिर मुझे तलाक दो। मुझसे कहा गया कि मैं तो बेरोजगार हूं, तूम नौकरी करती हो, तो मैं गुजारा भत्ता तुम से ही लूंगा।
"तैयारी का खर्चा खुद उठाया, कोर्ट पर भरोसा"
कांस्टेबल का कहना है कि दिल्ली पुलिस में भर्ती की तैयारी का सारा खर्चा उन्होंने खुद वहन किया है। अब उनको कोर्ट पर पूरा भरोसा है, जिसके फैसले का इंतजार है।
(रिपोर्ट- सुनील कुमार)
ये भी पढ़ें-
"अपमान को इतनी जल्दी...", भारत-अमेरिका संबंधों पर ट्रंप के "नए लहजे" को लेकर शशि थरूर का बयान
दिल्ली की CM के पति आधिकारिक बैठक में दिखें तो AAP ने उठाया सवाल, BJP बोली- इसमें कुछ गलत नहीं