संभाजीनगर: अजित पवार के प्लेन क्रैश में निधन के बाद महाराष्ट्र के बाकी नेता भी हवाई यात्रा करने में सतर्कता बरत रहे हैं। ताजा मामला बीजेपी नेता और कैबिनेट मंत्री पंकजा मुंडे से जुड़ा सामने आया है। पंकजा मुंडे के हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद पंकजा ने कुछ देर के लिए हेलिकॉप्टर से यात्रा को टाला। बाद में ये जानकारी सामने आई कि वह दूसरे हेलिकॉप्टर से मीटिंग में शामिल होंगी।
कहां जाने वाली थीं पंकजा?
पंकजा मुंडे संभाजीनगर से लातूर के लिए हेलिकॉप्टर से जाने वाली थीं। उन्हें जिला परिषद चुनाव प्रचार के लिए यहां जाना था। लेकिन पायलट ने पहले ही तकनीकी खराबी की जानकारी दी, जिसके बाद पंकजा ने अपनी यात्रा टाल दी। बाद में ये तय हुआ कि वह दूसरे हेलिकॉप्टर से मीटिंग में शामिल होंगी।
बता दें कि अजित पवार के प्लेन क्रैश हादसे में निधन के बाद सभी नेता हवाई यात्रा में सतर्कता बरत रहे हैं।
हालही में प्लेन क्रैश में हुआ था अजित पवार का निधन
गौरतलब है कि हालही में एनसीपी नेता अजित पवार का प्लेन बारामती में क्रैश हो गया था। इस हादसे में अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद से सभी नेता हवाई यात्रा करने से पहले अलर्ड मोड अपना रहे हैं।
अजित पवार महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम थे और बारामती में सभा को संबोधित करने के लिए मुंबई से सुबह के वक्त ही निकले थे। अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का डिप्टी सीएम बनाया गया है।
अजित पवार से पहले एयर इंडिया के विमान क्रैश में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो चुकी है। ये हादसा 12 जून 2025 को अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ देर बाद हुआ था। Air India Flight 171 इस हादसे में पूरी तरह नष्ट हो गई थी।
इससे पहले भारत के पहले 'चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ' जनरल बिपिन रावत की साल 2021 में तमिलनाडु के कुन्नूर में Mi-17V5 हेलिकॉप्टर हादसे में मौत हो गई थी। गौरतलब है प्लेन क्रैश में विमान सवार लोगों के बचने की संभावना बहुत कम होती है।