A
Hindi News महाराष्ट्र मंडप से फरार हुआ दूल्हा, पीछे-पीछे दौड़ी पुलिस; VIDEO भी आया सामने, जानें मामला

मंडप से फरार हुआ दूल्हा, पीछे-पीछे दौड़ी पुलिस; VIDEO भी आया सामने, जानें मामला

बीड से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के बीच से दूल्हा मंडप छोड़कर फरार हो गया। वहीं पुलिस भी उसका पीछा करती नजर आई। घटना का वीडियो सामने आया है।

पुलिस के पहुंचते ही फरार हुआ दूल्हा। - India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT पुलिस के पहुंचते ही फरार हुआ दूल्हा।

बीड: शहर के कपिलधार स्थित एक मंगल कार्यालय से एक अजीब मामला सामने आया है। यहां एक शख्स की शादी हो रही थी, लेकिन तभी पुलिस की टीम आ धमकी। वहीं पुलिस को देखते ही दूल्हा तुरंत वहां से फरार हो गया। वहीं पीछे-पीठे पुलिस भी उसे दौड़ाती नजर आई। दूल्हे के भागने का वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के मुताबिक यहां नाबालिग लड़की का विवाह कराया जा रहा था। जब पुलिस को इसकी जानकारी मिली तो शादी के बीच ही पुलिस ने छापेमारी कर दी। इसके बाद दूल्हा मंडप से शादी छोड़कर फरार हो गया।

नाबालिग लड़की से कर रहा था शादी

दरअसल, बीड के कपिलधार में नाबालिग लड़की का विवाह कराए जाने की गुप्त जानकारी पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही बीड ग्रामीण पुलिस सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंची। उस समय विवाह की रस्में जारी थीं और मंडप सजा हुआ था। जैसे ही पुलिस और सामाजिक कार्यकर्ता मंगल कार्यालय में दाखिल हुए, तभी दूल्हा मंडप से ही भाग निकला। दूल्हे के फरार होने का पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

100 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि लड़की नाबालिग थी और बाल विवाह निषेध कानून का खुला उल्लंघन किया जा रहा था। इसके बाद बीड ग्रामीण पुलिस थाने में कड़ी कार्रवाई करते हुए दूल्हा-दुल्हन के माता-पिता, करीबी रिश्तेदारों, बारातियों और कपिलधार देवस्थान के ट्रस्टियों समेत कुल 100 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आना चिंता का विषय है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार दूल्हे की तलाश तेज़ी से जारी है। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी प्रशासन से मांग की है कि बाल विवाह कराने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह का कानूनन अपराध करने की हिम्मत न कर सके। (इनपुट- आमिर हुसैन)

यह भी पढ़ें-

तीसरी शादी करने बैठे थे दूल्हे राजा, तभी पहुंच गई पहली पत्नी, कॉलर पकड़ा और फिर दे दनादन शुरू; देखें VIDEO

शादी समारोह में दुल्हन के मामा की अचानक हुई मौत, गिफ्ट देने जाते समय कुर्सियों पर गिरे; CCTV फुटेज आया सामने