पालघर: महाराष्ट्र के पालघर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां एक बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी। बेटे की उम्र 25 साल है और पिता की उम्र 59 साल थी। आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
पालघर पूर्व में कार खरीदने के लिए पैसे देने को लेकर हुए विवाद में 25 वर्षीय बेटे ने अपने 59 वर्षीय पिता की हत्या कर दी। इस सनसनीखेज मामले में आरोपी को गुजरात के भरूच से गिरफ्तार किया गया है।
यह घटना रविवार शाम करीब 4 बजे पालघर पूर्व के नवली रामनगर इलाके में स्थित उनके फ्लैट में हुई। आरोपी की पहचान मुकेश परमार के रूप में हुई है। आरोप है कि कार खरीदने के लिए पैसे देने को लेकर हुए विवाद के दौरान मुकेश ने ग्राइंडर की मदद से अपने पिता मोहनलाल परमार का गला काट दिया।
पिता और बेटा एक साथ रहते थे, जबकि मोहनलाल की पत्नी अपने पैतृक गांव गई हुई थीं। पिता की हत्या करने के बाद मुकेश कथित तौर पर घटनास्थल से फरार हो गया। इस बीच, जब रिश्तेदारों ने मोहनलाल को फोन किया और उनसे संपर्क नहीं हो पाया, तो उन्होंने एक परिचित व्यक्ति को उनकी खबर लेने के लिए घर भेजा।
घर पहुंचने पर उस व्यक्ति को मोहनलाल का शव मिला। इसके बाद उसने तुरंत पालघर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए आरोपी मुकेश परमार का पता लगाया और कुछ ही घंटों के भीतर गुजरात के भरूच से उसे गिरफ्तार कर लिया।
मध्य प्रदेश के शहडोल में भी सामने आया था चौंकाने वाला मामला
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में भी ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया था। यहां चिकन बनाने को लेकर हुए विवाद हुआ था, जिसमें बेटे के साथ बैठकर पिता चिकन खाना चाहते थे, लेकिन बेटे ने गुस्से में माता-पिता दोनों पर हमला कर दिया। इस घटना में पिता की मौत हो गई और मां को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिवार की खुशी के लिए पिता ने बेटे अंजू को 500 रुपये देकर चिकन लाने भेजा था लेकिन जब वो चिकन लेकर आया तो चिकन बनाने पर विवाद हो गया और फिर गुस्से में बेटे ने हमला कर दिया। (रिपोर्ट- हनीफ)
ये भी पढ़ें-
सीधी में बेटी की हत्या के मामले में मां गिरफ्तार, 5 दिन की नवजात को पानी से भरे ड्रम में डुबोया, पुलिस ने किया खुलासा