1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. आखिर केतन अग्रवाल को धक्का किसने दिया? आरोपी सिया का लाई-डिटेक्टर टेस्ट कराने की इजाजत लेने कोर्ट पहुंची पुलिस

आखिर केतन अग्रवाल को धक्का किसने दिया? आरोपी सिया का लाई-डिटेक्टर टेस्ट कराने की इजाजत लेने कोर्ट पहुंची पुलिस

पुलिस ने केतन अग्रवाल मर्डर केस में आरोपी सिया को लेकर जांच तेज कर दी है। पुलिस को शक है कि सिया ने केतन के मोबाइल से कुछ अहम सबूत डिलीट किए हैं। इस बीच, पुलिस ने सिया का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने के लिए कोर्ट का रुख किया है।

Ketan Agarwal murder case- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT केतन अग्रवाल हत्याकांड मामले में पुलिस, सिया की रिमांड बढ़ाने की मांग सकती है।

केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुणे ग्रामीण पुलिस ने मुख्य आरोपी सिया गोयल का पॉलीग्राफ टेस्ट यानी लाई-डिटेक्टर टेस्ट कराने की अनुमति के लिए अदालत का रुख किया है। वरिष्ठ पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक की जांच में ऐसा कोई चश्मदीद या स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिला है, जिससे यह निश्चित रूप से साबित हो सके कि केतन अग्रवाल को खाई में आखिर किसने धक्का दिया था।

पॉलीग्राफ टेस्ट में मिल सकते हैं नए सुराग

पुलिस ने अदालत को बताया है कि सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी के बयान पहले ही दर्ज किए जा चुके हैं, लेकिन उनका मानना है कि पॉलीग्राफ टेस्ट से मामले में कुछ नए सुराग मिल सकते हैं। पुलिस का तर्क है कि इस परीक्षण से आरोपियों के बयानों की सत्यता की जांच करने में मदद मिल सकती है और इससे चल रही जांच को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

पॉलीग्राफ टेस्ट क्या है?

पॉलीग्राफ टेस्ट, जिसे आम बोलचाल में लाई डिटेक्टर टेस्ट भी कहते हैं, एक साइंटिफिक टेस्ट है। इसका इस्तेमाल यह पता लगाने के लिए होता है कि कोई इंसान सच बोल रहा है या झूठ। यह टेस्ट इस सिद्धांत पर बेस्ड होता है कि जब कोई झूठ बोलता है और उसको पकड़े जाने का डर होता है, तो उसकी बॉडी में कुछ अनैच्छिक शारीरिक परिवर्तन होते हैं। पॉलीग्राफ टेस्ट के दौरान शख्स को एक स्पेशल मशीन से जोड़ा जाता है, जो शारीरिक प्रतिक्रियाओं को मापता है और उन्हें एक ग्राफ के रूप में रिकॉर्ड करता है। इसी के माध्यम से इंसान के झूठ का पता लगाया जाता है।

मंगेतर सिया के पास कैसे पहुंचा केतन का मोबाइल फोन?

बता दें कि महाराष्ट्र के पुणे के केतन अग्रवाल हत्या मामले में रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। केतन को धक्का देने के बाद उसका मोबाइल फोन कथित तौर पर मंगेतर सिया के पास ही था, ऐसा पुलिस को शक है। पुलिस को संदेह है कि सिया ने केतन के मोबाइल से महत्वपूर्ण डेटा डिलीट किया हो सकता है। इस पूरे मामले की जांच के लिए केतन के मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।

फॉरेंसिक जांच के बाद होगी सिया पर आरोपों की पुष्टि

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि केतन के नीचे गिरने से पहले उसका मोबाइल सिया के पास कैसे पहुंचा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जब केतन का परिवार लोहगढ़ किले पर पहुंचा, तब सिया ने मोबाइल उन्हें सौंप दिया। पुलिस को संदेह है कि परिवार के लोहगढ़ पहुंचने से पहले मोबाइल फोन में मौजूद संभावित सबूतों को डिलीट किया गया हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।

वारदात के दिन पहने गए सिया के कपड़े पुलिस ने किए जब्त

गौरतलब है कि आरोपी सिया को लेकर पुलिस आज (गुरुवार को) पुणे के कोंडवा स्तिथ उसके घर लीलाकुंज पहुंची थी। पुलिस को वो कपड़े जब्त करने थे जो वारदात के दिन सिया ने पहने थे और उसका पंचनामा करना था। करीब एक घंटे तक पुलिस सिया के घर में रही। इस दौरान, सिया का परिवार भी घर पर मौजूद था।

सिया की रिमांड बढ़ाने की मांग कर सकती है पुलिस

जांच के बाद पुलिस सिया को लेकर वहां से निकल गई। सिया की पुलिस कस्टडी का आज आखिरी दिन है। 3 जुलाई को सिया की पुलिस कस्टडी समाप्त हो रही है। ऐसे में आज का दिन जांच के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। अब तक जुटाए गए सबूतों, पूछताछ और जांच की प्रगति के आधार पर अपनी अगली रणनीति तय करेगी और शुक्रवार को कोर्ट में रिमांड बढ़ाने की मांग कर सकती है।

केतन अग्रवाल मर्डर केस क्या है?

जान लें कि केतन अग्रवाल हत्याकांड पुणे के एक 26 साल के कारोबारी की हत्या का काफी चर्चित और सनसनीखेज केस है, जिसमें उनकी मंगेतर सिया गोयल ने कथित रूप से अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को लोहगढ़ की पहाड़ी से धक्का देकर मार डाला।

केतन का सुनियोजित और क्रूर हत्याकांड

यह वारदात 18 जून, 2026 को पुणे के नजदीक ऐतिहासिक लोहगढ़ किले पर हुई थी, जिसे शुरुआत में एक सामान्य हादसा माना जा रहा था। सिया ने घरवालों को बताया था कि केतन का पैर फिसल गया। हालांकि, पुलिस की पड़ताल में यह एक सुनियोजित और क्रूर मर्डर केस होने की बात सामने आई, जिसके बाद 23 जून को सिया और उनके कथित बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया गया।

ये भी पढ़ें- केतन अग्रवाल का एक और VIDEO आया सामने, कंपनी की मीटिंग में पिता के साथ कामकाज में पूरी तरह दिखा तत्पर