1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. कमरा नंबर 102 में मिला 'कुबेर का खजाना', कैश का ढेर देख अधिकारियों के भी उड़े होश

कमरा नंबर 102 में मिला 'कुबेर का खजाना', कैश का ढेर देख अधिकारियों के भी उड़े होश

महाराष्ट्र के धुले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब गुलमोहर गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 102 से करोड़ों रुपये बरामद हुए। पूरी रात मशीनों की सहायता से नोटों की गिनती चली।

कमरा नंबर 102 से करोड़ों की नकदी बरामद- India TV Hindi
कमरा नंबर 102 से करोड़ों की नकदी बरामद

महाराष्ट्र के धुले शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक सरकारी विश्रामगृह के कमरे से करोड़ों रुपये बरामद हुआ। गुलमोहर गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 102 में छिपाई गई इस भारी-भरकम रकम के खुलासे से शहर के अलावा प्रशासन में भी खलबली मची हुई है। 

दरअसल, धुले और नंदुरबार जिलों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के लिए 22 विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल धुले में मौजूद था। इस दौरान, जालना विधानसभा क्षेत्र के विधायक अर्जुन खोतकर के निजी सहायक किशोर पाटिल ने 15 मई से गुलमोहर गेस्ट हाउस का कमरा नंबर 102 बुक किया हुआ था।

कमरे के बाहर दिया धरना

पूर्व विधायक अनिल गोटे को इस कमरे में बड़ी मात्रा में नकदी छिपाए जाने की भनक लगी। इसके बाद उन्होंने कमरे के बाहर धरना शुरू कर दिया। कमरे के बाहर धरना देते हुए आरोप लगाया कि 102 नंबर के कमरे में करोड़ों रुपये छिपाकर रखे गए हैं। गोटे ने प्रशासन के अधिकारियों को फोन कर मौके पर बुलाया, लेकिन दो-तीन घंटे बीत जाने के बाद भी वहां कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा, जिसके बाद इस कमरे में वाकई पैसे होने का संदेह और गहरा गया।

कमरा नंबर- 102 का ताला तोड़ा गया

अनिल गोटे ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं बरती गई हैं और शासकीय कार्यालयों से करोड़ों रुपये की रकम को इस सरकारी विश्रामगृह में पहुंचाया गया है। जब अनिल गोटे और शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू किया, तो आखिरकार पुलिस और राजस्व प्रशासन मौके पर पहुंचे। इसके बाद 102 नंबर के कमरे का ताला तोड़ा गया।

मशीन से पूरी रात हुई नोटों की गिनती

कमरे का ताला तोड़ते ही पुलिस प्रशासन के होश उड़ गए। कमरे से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। रात 11:00 बजे से लेकर तड़के 2:00 बजे तक पुलिस को मशीनों की सहायता से नोटों की गिनती करनी पड़ी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक बरामद रकम का आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है, लेकिन पूर्व विधायक अनिल गोटे का दावा है कि यह रकम 5 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है।

ये भी पढ़ें- 

CCTV में कैद हुई सड़क चलते युवक की मौत, 7 महीने पहले हुई थी शादी

भारत के हमले में बर्बाद हुआ पाकिस्तान, 1.12 अरब डॉलर का नुकसान; रिपोर्ट आई सामने