1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर तूफान की रफ्तार से दौड़ी Lamborghini, देखें VIDEO

मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर तूफान की रफ्तार से दौड़ी Lamborghini, देखें VIDEO

मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर लैंबोर्गिनी को 250 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाते हुए देखा गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही मुंबई पुलिस ने एक्शन लिया।

पुलिस ने जब्त की लग्जरी कार - India TV Hindi
Image Source : REPORTER पुलिस ने जब्त की लग्जरी कार

मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर तेज रफ्तार का एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक लग्जरी स्पोर्ट्स कार लैंबोर्गिनी को करीब 250 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाते हुए देखा गया। इस खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मुंबई पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई करते हुए वाहन को ट्रेस कर जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही कार पीले रंग की लैंबोर्गिनी थी, जिसे यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी करते हुए चलाया जा रहा था। गौरतलब है कि बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर अधिकतम गति सीमा 80 किमी प्रति घंटा निर्धारित है, लेकिन इसके बावजूद कार को तय सीमा से कई गुना अधिक रफ्तार में चलाया गया, जिससे अन्य वाहन चालकों की जान को गंभीर खतरा पैदा हो सकता था।

कार का कौन है मालिक?

पुलिस ने बताया कि लैंबोर्गिनी का रजिस्ट्रेशन नंबर HR 70 F 1945 है। यह कार सुपर वेल कॉमट्रेड प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर पंजीकृत है, जबकि इसका असल मालिक अहमदाबाद का व्यापारी नीरव पटेल बताया जा रहा है।

वीडियो के आधार पर हुई पहचान

पुलिस ने वीडियो के आधार पर वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ लापरवाही और खतरनाक ड्राइविंग से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि यह घटना कब की है और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है? मुंबई पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह की तेज और लापरवाह ड्राइविंग किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें-

फिल्मी स्टाइल में पुलिस ने बदमाश को खदेड़ा, नाले में फंसी कार तो तलवार-ड्रग्स के साथ पकड़ा गया 'पप्पी'

चीन का 'जासूस' पक्षी पकड़ा गया? इंडियन नेवी बेस पर मिला हाई-टेक चीनी GPS लगा सीगल; देखें VIDEO