A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. ट्रक से टकराकर चकनाचूर हुई BMW कार, 4 की दर्दनाक मौत, 2 की हालत गंभीर

ट्रक से टकराकर चकनाचूर हुई BMW कार, 4 की दर्दनाक मौत, 2 की हालत गंभीर

हादसे में बीएमडब्ल्यू कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

BMW Accident- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार

महाराष्ट्र के लातूर जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। लातूर-तुलजापुर हाईवे पर तीन वाहनों के बीच भीषण हादसा हुआ है। तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने ट्रक और कंटेनर को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

लातूर-तुलजापुर महामार्ग पर औसा के पास देर रात यह दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक सांगली जिले की बीएमडब्ल्यू कार किसी काम से लातूर आई थी। काम खत्म करने के बाद कार में सवार लोग शिवली में खाना खाकर औसा की तरफ जा रहे थे।

खाई में जा गिरी कार

औसा की तरफ जाने के दौरान ट्रक और कंटेनर को कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा एक होटल के सामने हुआ। कार के आगे चल रहा ट्रक लकड़ी से भरा हुआ था, लेकिन टक्कर इतनी भीषण थी कि लकड़ी से भरा ट्रक करीब सौ फीट दूर जाकर पलट गया, जबकि बीएमडब्ल्यू कार पूरी तरह चकनाचूर होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।

चार लोगों की मौके पर मौत

हादसा इतना भयानक था कि सड़क पर खून बिखर गया और कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

महाराष्ट्र में लग्जरी कार के हादसे

यह पहला मौका नहीं है, जब महाराष्ट्र में लग्जरी कार हादसे का शिकार हुई है। पिछले एक साल में ऐसे मामले तेजी से बढ़े हैं। कई मामलों में कार चालक नाबालिग भी होते हैं, जो छोटी उम्र का फायदा उठाकर कानूनी कार्रवाई से बच जाते हैं। मई 2024 में पुणे का पोर्श हादसा काफी चर्चा में रहा था। इसके बाद सितंबर 2025 में मुंबई कोस्टल रोड पर लैंबॉर्गिनी हादसा भी चर्चा में रहा था।

 

(लातूर से आसिफ पटेल की रिपोर्ट)  

खुद को अमित शाह का निजी सचिव बताकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जानिए कैसे लोगों को लेता था झांसे में?

6 साल से खड़े AIR INDIA के बोइंग 777 विमान ने नागपुर से भरी उड़ान, जानिए इसके पीछे की वजह-VIDEO