1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. गाड़ी गुजरते ही रोड से निकल रही 'जय हो' गाने की धुन, मुंबई में मेलोडी रोड का उद्घाटन, देखें Video

गाड़ी गुजरते ही रोड से निकल रही 'जय हो' गाने की धुन, मुंबई में मेलोडी रोड का उद्घाटन, देखें Video

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भारत के पहले मेलोडी यानी म्यूजिकल रोड का उद्घाटन किया गया है। इस रोड पर जब गाड़ियां चलती हैं तो रोड से 'जय हो-जय हो' की धुन सुनाई देती है।

Mumbai melody road- India TV Hindi
Image Source : REPORTER मुंबई में मेलोडी रोड का उद्घाटन।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को धर्मवीर, स्वराज्यरक्षक छत्रपति संभाजी महाराज मुंबई कोस्टल रोड पर 'मेलोडी रोड' का उदघाटन किया है। ये मेलोडी रोड अमरसन्स गार्डन से ब्रिच कैंडी तक है। इस कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना के प्रमुख एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बताया है कि मुंबई में 'मेलोडी रोड', इस अभिनव पहल के तहत पहले चरण में 500 मीटर रास्ता तैयार किया गया है।

मेलोडी रोड का शुभारंभ

मुंबई के धर्मवीर, स्वराज्यरक्षक छत्रपति संभाजी महाराज कोस्टल रोड पर अब सफर सिर्फ तेज़ ही नहीं, सुरों भरा भी होगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज 11  फरवरी 2026 को देश के पहले म्यूजिक मेलोडी रोड का शुभारंभ किया। नरीमन पॉइंट से वर्ली की ओर जाने वाली लेन पर 500 मीटर के हिस्से में खास ग्रूव्स (संगीत पट्टियां) लगाई गई हैं।

कैसे निकलती है धुन?

दरअसल, जब कोई वाहन 70–80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से रोड पर मौजूद इन पट्टियों पर गुजरता है, तो टायरों के घर्षण से फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर का मशहूर गीत ‘जय हो’ सुनाई देता है। यह प्रयोग दुनिया का पांचवां और भारत में पहला है। जापान में 2007 में शुरू हुई इस तकनीक को अब मुंबई में अमल में लाया गया है।

कैसे हुआ था अविष्कार?

जानकारी के मुताबिक, इस अभिनव संकल्पना की शुरुआत वर्ष 2007 में जापान में हुई थी। जापान के इंजीनियर शिजुओ शिनोदा (Shizuo Shinoda) ने बुलडोजर से सड़क पर काम करते समय इस ध्वनि प्रभाव की खोज की। बाद में इसी प्रयोग से ‘मेलोडी रोड’ की कॉन्सेप्ट विकसित हुई। अब तक हंगरी, जापान, दक्षिण कोरिया और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में इस तरह के प्रयोग किए जा चुके हैं। भारत में यह पहली बार लागू किया गया है।

सफर ट्रैफिक-फ्री, तेज और सुरमयी होगा- BMC

बीएमसी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मुंबई में हुई यह ओनोखी पहल आधुनिक इंजीनियरिंग और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का अनोखा संगम है। ये मेलोडी रोड मुंबई की पहचान में नया आयाम जोड़ेगा। अब कोस्टल रोड पर सफर ट्रैफिक-फ्री, तेज और सुरमयी भी होगा।

ये भी पढ़ें- मुंबई को मिला नया मेयर, रितु तावडे निर्विरोध मेयर निर्वाचित, BMC की सत्ता में 44 साल बाद बीजेपी की वापसी

उद्धव की शिवसेना ने कांग्रेस को दिया बड़ा झटका, चंद्रपुर में BJP की संगीता खांडेकर को बनवा दिया मेयर