1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. संभाजीनगर में पुराने स्टूडेंट ने स्कूल के अंदर घुसकर टीचर को मारा चाकू, CCTV में रिकॉर्ड हुई वारदात

संभाजीनगर में पुराने स्टूडेंट ने स्कूल के अंदर घुसकर टीचर को मारा चाकू, CCTV में रिकॉर्ड हुई वारदात

संभाजीनगर में पुराने छात्र ने स्कूल टीचर पर चाकू से हमला बोला और उन्हें घायल कर दिया। आरोपी छात्र अपनी टीसी लेने स्कूल आया था, तभी उसकी टीचर से बहस हो गई थी।

Sambhajinagar school stabbing incident- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT टीसी लेने आए स्टूडेंट ने टीचर को मारा चाकू।

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में स्कूल के अंदर पुराने स्टूडेंट ने टीचर को चाकू मार दिया। आरोपी छात्र 9वीं क्लास में फेल होने के बाद ट्रांसफर सर्टिफिकेट लेने स्कूल आया था। लड़के के मन में पहले से टीचर के खिलाफ गुस्सा था, उसे लगता था टीचर ने उसको जानबूझकर कर फेल किया है।

TC के विवाद में टीचर पर जानलेवा हमला

बता दें कि छत्रपति संभाजीनगर में शहर के एक प्राइवेट स्कूल के टीसी के विवाद में स्कूल के पुराने छात्र ने टीचर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में टीचर गंभीर रूप से घायल हो गया। टीचर को घाटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

पीड़ित टीचर की पहचान विशाल फ्रांसिस दुसिंग के रूप में हुई है, जो पेठे नगर के रहने वाले हैं। विशाल, लिटिल फ्लॉवर स्कूल में टीचर के पद पर कार्यरत हैं। स्टूडेंट के हमले की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पूर्व छात्र के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया केस

गौरतलब है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी पूर्व छात्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच छावनी पुलिस कर रही है। आरोपी लड़के की उम्र 17 साल है। पुलिस की टीम यह भी मालूम करने में जुटी हुई है कि यह अटैक पूरी तरह से पूर्व नियोजित था या फिर विवाद के दौरान इसे अचानक अंजाम दिया गया।

स्टूडेंट ने चाकू निकाला और टीचर के पेट में घोंपा

जानकारी के मुताबिक, पुराना छात्र स्कूल प्रशासन से ट्रांसफर सर्टिफिकेट यानी TC लेने आया था। इसी दौरान, उसकी टीचर से मामूली कहासुनी हो गई। फिर, देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि स्टूडेंट ने अपने पास रखा चाकू निकाला और टीचर पर अटैक कर दिया। वारदात के बाद स्कूल कैंपस में अफरा-तफरी मच गई और टीचर ने किसी तरह टेबल के पीछे आकर अपने आपको बचाया।

पुरानी रंजिश के चलते टीचर पर हुआ हमला

वारदात की जानकारी मिलते ही संभाजीनगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्कूल कैंपस का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी स्टूडेंट पहले से ही टीचर से नाराज था और इसी के चलते उसने इस घटना को अंजाम दिया।

ये भी पढ़ें- मुंबई के चेंबूर में स्कूल वैन पर गिरा बड़ा पेड़, 10 बच्चे थे सवार, एक छात्र की मौत-कई जख्मी