1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. उद्धव ठाकरे को झटका, धाराशिव के सांसद ओमराजे निंबालकर ने शिंदे शिवसेना के साथ जाने की औपचारिक घोषणा की

उद्धव ठाकरे को झटका, धाराशिव के सांसद ओमराजे निंबालकर ने शिंदे शिवसेना के साथ जाने की औपचारिक घोषणा की

धाराशिव के सांसद ओमराजे निंबालकर ने शिंदे शिव सेना में जाने का फैसला किया है। उनके इस फैसले से शिवसेना यूबीटी को बड़ा झटका लगा है।

Omraje Nimbalkar- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT धाराशिव के सांसद ओमराजे निंबालकर

मुंबई: महाराष्ट्र की सियासत से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है और शिवसेना (UBT) को बड़ा झटका लगा है। धाराशिव से शिवसेना (UBT) के लोकसभा सांसद ओमराजे निंबालकर ने एकनाथ शिंदे के साथ जाने की औपचारिक घोषणा कर दी है यानी वह अब शिंदे शिव सेना का हिस्सा होंगे। 

आज कार्यकर्ताओं की बैठक में उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए सत्ता के साथ रहने की जरूरत बताई और एकनाथ शिंदे की तारीफ की। समर्थकों ने भी उनके हर फैसले का समर्थन करने की बात कही। 

ओमराजे निंबालकर का बयान सामने आया

ओमराजे निंबालकर ने आज औपचारिक घोषणा की है कि वो एकनाथ शिंदे के साथ, शिवसेना में जा रहे हैं। धाराशिव के सांसद ओमराजे निंबालकर ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी कार्यकर्ताओं को लगातार हार का सामना करना पड़ा और सत्ता में न होने के कारण आम जनता के विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। कार्यकर्ताओं और करीबी सहयोगियों से चर्चा के बाद उन्होंने निर्णय लिया है कि जनता के कामों को गति देने के लिए वे शिंदे शिवसेना में शामिल होंगे और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में काम करेंगे।

ओमराजे निंबालकर ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है, कि सत्ता पक्ष के साथ जा रहे हैं। सत्ता का इस्तेमाल कैसे करना है, इसका बेहतरीन उदाहरण आपको दिखाएंगे लेकिन कोई भी मातोश्री को लेकर अपशब्द ना कहे।

हालही में ऑपरेशन टाइगर पर सामने आया था एकनाथ शिंदे का बयान

इस बीच ऑपरेशन टाइगर पर एकनाथ शिंदे का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा है कि जल्द ही एक बड़ी खबर मिलेगी। हम कोई भी ऑपरेशन अधूरा नहीं छोड़ते। ओम राजे निंबालकर के पिता का कल कोर्ट में फैसला हुआ है। उन्हें रील स्टार कहना, उनको लेकर जो भी चर्चा है सभी झूठ है। जल्द ही ब्रेकिंग न्यूज मिलेगी।

सीएम फडणवीस ने भी कहा था कि ऑपरेशन बिल्कुल सफल रहा और बॉडी सलामत है।

आज ही मुंबई में उद्धव ठाकरे ने की सभा

आज ही मुंबई में उद्धव ठाकरे ने भांडुप में एक सभा ली और ये सभा उसी इलाके ईशान्य मुंबई में हो रही है जहां से संजय दिना पाटिल सांसद हैं और अब वो बागी हो गए हैं। उद्धव ठाकरे ने भांडुप में कहा कि मुझसे गलती हो गई कि मैंने ऐसे व्यक्ति (संजय दिना पाटिल) को टिकट दिया और जितवाने में मदद की। उद्धव ठाकरे ने अब ये प्लान किया है कि वो हर उस सांसद के जिले में जाकर सभाएं लेंगे और शिवसैनिकों से मिलेंगे, जहां से उनके सांसदों ने बगावत की है और शिंदे के पाले में चले गए हैं।