1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पत्नी कुएं में कूदी, अगले दिन पति ने भी लगाई फांसी, कर्ज में दबे किसान ने बच्चों के लिए छोड़ा भावुक संदेश

पत्नी कुएं में कूदी, अगले दिन पति ने भी लगाई फांसी, कर्ज में दबे किसान ने बच्चों के लिए छोड़ा भावुक संदेश

महाराष्ट्र के छत्रपती संभाजीनगर में कर्ज से परेशान किसान दंपति ने आत्महत्या कर ली है। पिता ने आत्महत्या करने से पहले अपने बच्चों के लिए एक भावुक कर देने वाला मैसेज छोड़ा है।

Chhatrapati Sambhaji Nagar suicide farmer- India TV Hindi
Image Source : REPORTER छत्रपती संभाजीनगर में किसान दंपति ने दे दी जान।

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से आत्महत्या की बड़ी ही दुखी कर देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां कर्ज में डूबे एक किसान दंपति ने परेशान होकर अपनी जान दे दी है। पत्नी ने पहले कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी और इसके अगले दिन पति ने भी उसी कुएं के पास फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शख्स ने अपनी जान देने से पहले अपने बच्चों के लिए भावुक कर देने वाला संदेश भी छोड़ा है। 

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, ये पूरी घटना छत्रपति संभाजीनगर के फुलंब्री तालुका के आलंद क्षेत्र में स्थित पिंपरी शिवार गांव से सामने आई है। खेती के कर्ज और आर्थिक तंगी से परेशान एक दंपत्ति ने महज एक दिन के अंतराल में आत्महत्या कर ली। शुक्रवार को 38 वर्षीय रमाबाई विलास जमधडे ने कुएं में कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त की। अगले ही दिन शनिवार को उनके पति विलास जमधडे ने उसी कुएं के पास पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 

बच्चों के लिए छोड़ा भावुक संदेश

आत्महत्या करने से पहले विलास ने एक वॉट्सएप ग्रुप पर अपने बच्चों से माफी मांगते हुए उनके लिए भावुक संदेश लिखा। संदेश में विलास ने कहा कि उनकी पत्नी ने भी कर्ज के बोझ से आत्महत्या कर ली और अब वह भी इस बोझ को सहन नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने अपने बच्चों से माफी मांगते हुए उनकी पढ़ाई पूरी करने की अंतिम इच्छा जताई।

गांव के लोग संदेश पढ़कर भावुक

आत्महत्या की इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पति-पत्नी की मौत से उनके दो छोटे बच्चों- सुमित और अमित का भविष्य अंधकार में डूब गया है। गांव के लोग इस संदेश को पढ़कर भावुक हो गए हैं और अब एक बार फिर से किसानों की आत्महत्याओं को रोकने के लिए ठोस सरकारी कदम उठाने की मांग तेज हो गई है। (रिपोर्ट: देव राजळे)

ये भी पढे़ं- महाराष्ट्र: 'आई लव मोहम्मद' की रंगोली तैयार करने पर अहिल्यानगर में बवाल, पुलिस ने भांजी लाठियां, 30 लोग हिरासत में

मुंबई में सुबह-सुबह फायरिंग, कनपटी के नीचे शख्स को मारी गई गोली, जांच में जुटी पुलिस की टीम