1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी, मंत्रालय में कराया उम्मीदवार का फर्जी इंटरव्यू

सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी, मंत्रालय में कराया उम्मीदवार का फर्जी इंटरव्यू

महाराष्ट्र में सरकारी नौकरी का झांसा देकर एक गिरोह ने कथित तौर पर 200 से अधिक युवाओं से लाखों की ठगी की। आरोपियों ने मंत्रालय में फर्जी इंटरव्यू और मेडिकल टेस्ट तक कराए। मुख्य आरोपी लॉरेंस हेनरी को नागपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

government job scam, fake interview in ministry- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL महाराष्ट्र में पुलिस ने नौकरी के नाम पर फ्रॉड करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है।

नागपुर: महाराष्ट्र से ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराष्ट्र सरकार के मंत्रालय में फर्जी इंटरव्यू करवाकर एक 'उम्मीदवार' को ठग लिया गया। पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने 6 साथियों के साथ मिलकर कई लोगों को सरकारी नौकरी का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी की। इस गिरोह ने न सिर्फ पैसे ऐंठे, बल्कि मंत्रालय के अंदर ही फर्जी इंटरव्यू और सरकारी अस्पताल में मेडिकल टेस्ट तक करवाए। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार शख्स का नाम लॉरेंस हेनरी है, जो 45 साल का है और मल्हगीनगर का रहने वाला है।

मंत्रालय के केबिन में हुआ फर्जी इंटरव्यू

शिकायतकर्ता राहुल तायडे ने बताया कि लॉरेंस और उसके साथियों ने उनसे सरकारी जूनियर क्लर्क की नौकरी दिलाने का वादा करके कई किश्तों में पैसे लिए। इतना ही नहीं, ये लोग राहुल को मुंबई के जे.जे. अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले गए और मंत्रालय में एक केबिन में फर्जी इंटरव्यू भी करवाया। उस केबिन पर 'शिल्पा उदापुरे' का नेमप्लेट लगा था। राहुल को एक फर्जी आईडी कार्ड भी दिया गया, जिससे वह मंत्रालय में दाखिल हो सके, जहां उसे कथित तौर पर काम करना था। लेकिन, उन्हें नौकरी का कोई अपॉइंटमेंट लेटर कभी नहीं मिला।

हडकेश्वर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज

जब राहुल को ठगी का एहसास हुआ, तो उन्होंने नागपुर के हडकेश्वर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की, जिसके बाद लॉरेंस को पिछले हफ्ते गिरफ्तार किया गया। राहुल ने नागपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि इस गिरोह ने महाराष्ट्र में 200 से ज्यादा बेरोजगार नौजवानों को ठगा हो सकता है। हडकेश्वर, चंद्रपुर और वर्धा में इस गिरोह के खिलाफ पहले से शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है।

येरवडा जेल में हुआ कैदी पर हमला

वहीं, एक अन्य खबर में येरवडा सेंट्रल जेल में सोने की जगह को लेकर हुए झगड़े में एक 52 साल के कैदी पर उसके 2 साथी कैदियों ने कील से हमला कर दिया। यह घटना 7 सितंबर की शाम को हुई, जिसके बाद पुलिस ने 2 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि संजय भिकाजी कपड़े नाम के कैदी का बैरक में सोने की जगह को लेकर भरत विशाल राठौड़ और मोहम्मद गुलाब शेख से विवाद हो गया। झगड़े के दौरान राठौड़ और शेख ने बैरक में कपड़े टांगने वाले हेंगर से निकाली गई कील से संजय पर हमला किया। इस हमले में संजय के गले और कान के पास गंभीर चोटें आईं।