1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'महाराष्ट्र में भी अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में मिलेगा आरक्षण', CM देवेंद्र फडणवीस ने किया ऐलान

'महाराष्ट्र में भी अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में मिलेगा आरक्षण', CM देवेंद्र फडणवीस ने किया ऐलान

अग्निवीरों के लिए महाराष्ट्र से खुशखबरी आई है। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की है कि महाराष्ट्र की सरकारी नौकरियों में अग्निवीरों को आरक्षण दिया जाएगा।

maharashtra agniveer govt job- India TV Hindi
Image Source : PTI (फाइल फोटो) महाराष्ट्र सरकार ने अग्निवीरों को बड़ी खुशखबरी दी है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ऐलान किया है कि महाराष्ट्र की सरकारी नौकरियों में अग्निवीरों को आरक्षण दिया जाएगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पोस्ट किया, नेवी के 282 अग्निवीर जो महाराष्ट्र के रहने वाले हैं, उन्हें सिपाही की नौकरी मिलेगी। इसके लिए ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं। फडणवीस ने आगे बताया कि कर्मचारियों की पहली लिस्ट को केंद्र सरकार ने मंजूरी भी दे दी है।

282 अग्निवीरों को मिलेगी पुलिस कॉन्स्टेबल की नौकरी

अपने X पोस्ट में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पोस्ट किया, 'बहुत अच्छी खबर! कैबिनेट की बैठक में निर्णय लिया गया है कि अग्निवीर जो देश के लिए लड़ते हैं उन्हें सरकारी नौकरियों में रिजर्वेशन दिया जाएगा। इसके लिए जरूरी बदलाव नियमों में कर दिए गए हैं और अब 282 अग्निवीरों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी गई है। केंद्र सरकार की तरफ से 282 नेवी अग्निवीरों की पहली लिस्ट महाराष्ट्र सरकार को मिल गई है। इसके तहत, 282 अग्निवीरों जिनमें 150 सीमैन डेकसाइड और 132 सीमैन इंजनसाइड शामिल हैं, को पुलिस कॉन्स्टेबल के पद पर नियुक्त किया गया है और उन्हें इससे जुड़े ऑर्डर भी सौंप दिए गए हैं। इन सभी को उनकी नई भूमिकाओं के लिए मेरी तरफ से हार्दिक शुभकामनाएं!'

असम में भी आरक्षण पर हो चुका है निर्णय

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में यह फैसला कई राज्यों में अग्निवीरों को आरक्षण देने का निर्णय होने के बाद हुआ है। इससे पहले, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की अध्यक्षता में असम की कैबिनेट ने असम पुलिस, कमांडो बटालियन, जेल, फायर सर्विस, SDRF, फॉरेस्ट गॉर्ड्स और आबकारी विभागों में कॉन्स्टेबल और उसके समकक्ष पदों का 12 प्रतिशत हिस्सा, अग्निवीर योजना के तहत काम करने वाले असम के स्थायी निवासियों के लिए आरक्षित करने का फैसला लिया है।

अग्निवीर कौन होते हैं?

केंद्र सरकार की एक स्कीम का नाम 'अग्निपथ' है और इसके तहत चुने गए युवाओं को 'अग्निवीर' कहा जाता है। 'अग्निपथ' स्कीम देशभक्त और प्रेरित युवाओं को 4 साल के लिए सेना में सेवा करने का मौका देती है। इस स्कीम को इस तरह से तैयार किया गया है ताकि सशस्त्र बलों में युवाओं की भागीदारी बढ़ सके। इसका मकसद समाज के ऐसे युवा प्रतिभाशाली लोगों को वर्दी पहनने का मौका देना है, जो आज के तकनीकी रुझानों से अच्छी तरह वाकिफ हों और इस तरह समाज को कुशल, अनुशासित और प्रेरित वर्कफोर्स को वापस देना है। इससे पहले, डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने ऐलान किया कि गुजरात में पूर्व अग्निवीरों को पुलिस की नौकरी में भर्ती परीक्षा से छूट मिलेगी।

(इनपुट- ANI)

ये भी पढ़ें- अग्निवीर रोजगार सेल का गठन करने वाला देश का पहला राज्य बना उत्तराखंड, CM धामी बोले- सैन्य धाम बनेगा हमारी समृद्ध विरासत का प्रतीक