1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में भारी बारिश का कहर! कई सड़कें जलमग्न; मुंबई में ऑरेंज अलर्ट तो नासिक में बादल फटने का पूर्वानुमान जारी

महाराष्ट्र में भारी बारिश का कहर! कई सड़कें जलमग्न; मुंबई में ऑरेंज अलर्ट तो नासिक में बादल फटने का पूर्वानुमान जारी

आसमान से ऐसी आफ़त बरसी है कि महाराष्ट्र के कई इलाके त्राहिमाम कर रहे हैं। मुंबई से लेकर नासिक और पालघर तक भारी बारिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। पढ़ें मुंबई की बारिश पर रिपोर्ट।

maharashtra heavy rain mumbai- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV महाराष्ट्र के कई शहरों में भारी बारिश हुई है।

भारी बारिश ने महाराष्ट्र में भी लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया है। इसकी सबसे ज्यादा मार मुंबई पर पड़ी है। पिछले तीन दिनों में मुंबई में 9 लोगों की मौत हो गई हैं। मुंबई के कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है। पानी भर जाने की वजह से अंधेरी सबवे को बंद करना पड़ गया है। आज (बुधवार को) भी मुंबई में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है। महाराष्ट्र के पालघर में पिछले 24 घंटे में तीन लोगों की मौत हुई है। नासिक में आज भी बादल फटने को लेकर अलर्ट जारी है। वहीं, पुणे, सातारा और सोलापुर में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में भारी बारिश की वजह से लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं, इस रिपोर्ट में जानिए।

मुंबई में तेज बारिश का अलर्ट

मुंबई के लोगों को 12 घंटे की राहत देने के बाद एक बार फिर से बारिश ने तेज रफ्तार पकड़ी है। मौसम विभाग में बारिश के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सुबह 10 बजे से लेकर रात को 9 बजे तक 125 MM से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। यहां महज 1 घंटे की बारिश के बाद अंधेरी सबवे पूरी तरीके से जलमग्न हो गया और यातायात के लिए बंद कर दिया गया। अगले कुछ घंटे मुंबई में तेज बारिश का अलर्ट है।

अंधेरी में पेड़ गिरने से एक शख्स हुआ जख्मी

वहीं, मुंबई के अंधेरी इलाके में पेड़ गिरने की एक और घटना दर्ज की गई। मुंबई में तेज बारिश चल रही है, इस दौरान अंधेरी सबवे के पास एक पेड़ गिरने की घटना दर्ज की गई। इस घटना में आदेश गांवकर नाम का एक शख्स गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मौके पर खड़ी पुलिस की वैन में उसे अस्पताल लेकर जाया गया है। अंधेरी में पेड़ गिरने की घटना दर्ज होने के बाद बीएमसी के अधिकारी जांच के लिए पहुंचे। गार्डन डिपार्टमेंट के अधिकारी ने कहा कि लोकेशन प्राइवेट प्रॉपर्टी है। इसके बाद उन्होंने ये कहकर पल्ला झाड़ा कि उन्होंने नोटिस दिया था।

केंद्रीय गृहमंत्री ने सीएम फडणवीस से फोन पर की बात

अधिकारियों के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस से बात की और भारी बारिश की वजह से महाराष्ट्र में बने हालात का जायजा लिया। सीएम फडणवीस के साथ फोन पर बातचीत में अमित शाह ने उन्हें केंद्र सरकार की तरफ से हर संभव मदद का विश्वास दिलाया। आज (बुधवार को) मुंबई में मूसलाधार बारिश हुई, जिससे लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं और दफ्तर जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

जलभराव के कारण ट्रेनों के ऑपरेशन में भी आई रुकावट

इससे पहले, वीकेंड पर मुंबई में भारी बारिश हुई थी और लेकिन मंगलवार को थोड़ी राहत मिली थी। वहीं, पड़ोसी पालघर के वसई-विरार सेक्शन और साउथ गुजरात में कई जगहों पर जलभराव की वजह से गुजरात की तरफ जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं। बीते सोमवार को भोर घाट सेक्शन में लैंडस्लाइड के बाद मुंबई-पुणे रूट पर भी ऑपरेशन पूरी तरह से बहाल नहीं हो पाया था।

ये भी पढ़ें- बारिश से तबाह मुंबई में मदद के लिए आया स्पाइडर मैन, बोरी उठाई, बच्चियों को सड़क पार कराई, वीडियो वायरल