1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र: अजित पवार से नाराज हुए शिंदे गुट के मंत्री, डिप्टी सीएम एकनाथ से की शिकायत, लगाए ये आरोप

महाराष्ट्र: अजित पवार से नाराज हुए शिंदे गुट के मंत्री, डिप्टी सीएम एकनाथ से की शिकायत, लगाए ये आरोप

महाराष्ट्र की सियासत में एक बार फिर हलचल शुरू हो गई है। दरअसल शिंदे गुट के मंत्रियों ने डिप्टी सीएम अजित पवार की शिकायत अपने नेता एकनाथ शिंदे से की है और उन पर आरोप लगाए हैं।

Eknath Shinde, Ajit Pawar, - India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और अजित पवार

मुंबई: महाराष्ट्र की सियासत से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, एकनाथ शिंदे गुट के मंत्री डिप्टी सीएम अजित पवार से नाराज हैं। इन मंत्रियों का आरोप है कि 'अजित पवार हमारे विकास कामों पर रोक लगाते हैं।' शिंदे गुट के मंत्रियों ने डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे से इस मामले की शिकायत भी की है।

बैठक में शिंदे गुट के मंत्रियों ने उठाई आवाज

दरअसल आज एकनाथ शिंदे ने सभी शिवसेना के मंत्रियों की बैठक बुलाई थी। राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद यह बैठक हुई थी। इस बैठक में अजित पवार के खिलाफ सभी मंत्रियों ने आवाज उठाई। मंत्रियों का कहना था कि अजित पवार अर्थमंत्री हैं, और वह हमें पैसे नहीं देंगे तो हम काम कैसे करेंगे? मंत्रियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार में सभी को समान अधिकार मिलना चाहिए।

शिंदे ने अपने गुट के मंत्रियों को दिया ये आश्वासन

डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने अपने गुट के मंत्रियों को आश्वासन देते हुए कहा, 'मैं खुद अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस से बातचीत करूंगा और समस्या का हल निकालूंगा। 

मंत्री प्रताप सरनाईक ने खबरों का किया खंडन

हालांकि बैठक के बाद शिवसेना कोटे से मंत्री प्रताप सरनाईक ने इन खबरों का खंडन किया और कहा किसी ने कोई नाराजगी नहीं जताई। सरकार में कुछ मुद्दे होंगे तो बातचीत से सुलझाएंगे।

बीजेपी के नेताओं ने अमित शाह से की थी अजित पवार की शिकायत 

गृह मंत्री अमित शाह जब पिछले महीने 26 मई को महाराष्ट्र के मराठवाड़ा के दौरे पर थे तो बीजेपी के नेताओं और विधायकों ने अजित पवार की शिकायत अमित शाह से की थी। तब अमित शाह ने कहा था कि इतना काम करें कि अजीत पवार आप लोगों की शिकायत लेकर मेरे पास आएं।

अजित पवार को लेकर बीजेपी नेताओं और अब शिंदे गुट के नेताओं की नाराजगी ने सियासी गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि क्या महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार में सब कुछ ठीक चल रहा है? इस नाराजगी के मायने भी लोग खोजने लगे हैं। गौरतलब है कि अजित पवार डिप्टी सीएम हैं और सरकार में उनका कद काफी अहम है।