A
Hindi News महाराष्ट्र टनल में मर्सिडीज़ कार ने पीछे से SUV को टक्कर मारी, नाबालिग चला रहा था कार, महिला को लगी गंभीर चोट

टनल में मर्सिडीज़ कार ने पीछे से SUV को टक्कर मारी, नाबालिग चला रहा था कार, महिला को लगी गंभीर चोट

मुंबई के कोस्टल रोड टनल में हादसे में तीन लोग घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, हादसा एक मर्सिडीज कार से हुआ जिसे नाबालिग चला रहा था। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

Mumbai Coastal Road Tunnel accident- India TV Hindi Image Source : REPORTER मुंबई में हादसा।

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के कोस्टल रोड टनल में भयानक हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां मर्सिडीज कार से एक अन्य कार में लगी टक्कर के कारण तीन लोग घायल हो गए हैं। इनमें से एक महिला गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, हादसे से जुड़ी मर्सिडीज कार को एक नाबालिग चला रहा था। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। 

क्या है पूरा मामला?

मुंबई के कोस्टल रोड टनल में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार की टक्कर से तीन लोग घायल हो गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि कार एक नाबालिग चला रहा था। हादसे में एक महिला को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो अन्य को मामूली चोट लगी। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, ये दुर्घटना रात करीब 1.45 बजे टनल के भीतर हुई है।

कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के मुताबिक अग्रीपाडा के एक कारोबारी के नाम पर पंजीकृत मर्सिडीज ने आगे चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर की चपेट में आई कार मीरा रोड निवासी 36 वर्षीय प्रसन्न मोपकर चला रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी और सास भी मौजूद थीं। तीनों बोरीवली से कोलाबा स्थित बदेमियां होटल डिनर के लिए जा रहे थे। हादसे में प्रसन्न मोपकर और उनकी सास को हल्की चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी की नाक में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

कारोबारी के नाम पर रजिस्टर्ड है मर्सिडीज

इस हादसे को लेकर अब तक की जांच में पता चला है कि मर्सिडीज एक वरिष्ठ कारोबारी के नाम पर रजिस्टर्ड है। उनकी 18 वर्षीय पोती घर से कार की चाबी लेकर निकली थी और उसका 17 वर्षीय दोस्त वाहन चला रहा था। पुलिस ने कार मालिक, उसकी पोती और नाबालिग चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें- अजित पवार के अंतिम संस्कार में चेन स्नैचरों ने मचाया आतंक, 25 से 30 लाख रुपये के गहने चोरी

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों की 4 दिन की पुलिस कस्टडी, खुले फायरिंग से जुड़े अहम राज