A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. गलती से चप्पल की अदला-बदली पड़ी भारी, विवाद बढ़ने पर युवक की हत्या, जानें पूरा मामला

गलती से चप्पल की अदला-बदली पड़ी भारी, विवाद बढ़ने पर युवक की हत्या, जानें पूरा मामला

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में गलती से चप्पल की अदला-बदली का विवाद हत्या के रूप में तब्दील हो गया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Maharashtra nagpur murder over Swap of slippers - India TV Hindi
Image Source : REPORTER नागपुर में युवक की हत्या।

महाराष्ट्र के नागपुर से हत्या की एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां गलती से चप्पल की अदला-बदली को लेकर हुआ विवाद हत्या में बदल गया है। हत्या की वजह जानकार सभी आश्चर्य में पड़ गए हैं। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आइए जानते हैं कि इस घटना को लेकर अब तक क्या जानकारी सामने आई है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, ये पूरा मामला नागपुर के रामटेक इलाके से सामने आया है। यहां चप्पल पहनने के मामूली विवाद से शुरू हुई घटना हत्या में बदल गई। मिली जानकारी के अनुसार, बीते 26 मार्च को नागपुर जिले के प्रसिद्ध रामटेक मंदिर में शोभायात्रा देखने के लिए गए समीर राजु नेताम ने गलती से आरोपी उमेश निषाद की चप्पल पहन ली थी, जिस पर आरोपी ने उसे चोर से संबोधित किया था। चप्पल की अदला-बदली से वहां पर काफी ज्यादा विवाद हो गया।

कैसे की गई युवक की हत्या?

विवाद शांत होने पर सभी लोग अपने घर चले गए थे। हालांकि, जानकारी के अनुसार 5 अप्रैल को मृतक समीर राजू नेताम, अपने दोस्त समीर महेश नेताम के साथ 5 अप्रैल को आरोपियों से बातचीत करने के लिए गया कि उन्होंने उसे चोर कह कर क्यों संबोधित किया। हालांकि, यहां पर विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि उमेश निषाद, गणेश निषाद, सुनील निषाद और इतवारी निषाद ने लाठी डंडों से समीर राजू नेताम पर हमला कर दिया।

4 आरोपी गिरफ्तार

इस हमले में समीर राजू नेताम गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ ही समीर महेश नेताम पर भी हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल समीर राजू नेताम को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना को लेकर पुलिस द्वारा अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

ये भी पढ़ें- भारतीय जमीन पर आतंकी हमले करने की तैयारी! दिल्ली पुलिस और महाराष्ट्र ATS ने ज्वाइंट ऑपरेशन में दो लोगों को पकड़ा

अवैध गर्भपात रैकेट का भंडाफोड़, 2 बहनें और पति रंगेहाथ पकड़े गए, मुख्य आरोपी नर्स फरार-VIDEO