महाराष्ट्र के नागपुर से एक डरा देने वाली घटना का वीडियो सामने आया है। यहां हिंगना तहसील में समृद्धि महामार्ग के एंट्री प्वाइंट पर एक ट्रक में अचानक से भीषण आग लग गई। डराने वाली बात ये भी थी कि आग लगने की ये घटना इलाके में मौजूद पेट्रोल पंप से कुछ ही दूरी पर देखने को मिली। इस कारण मौके पर पूरी तरह से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग को बुझाया।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, नागपुर के हिंगना तहसील में समृद्धि महामार्ग के प्रवेश बिंदु के पास देर रात ट्रक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। समृद्धि महामार्ग पर एक माल वाहक ट्रक में अचानक आग लग गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वायरिंग में शॉर्ट सर्किट के कारण स्पार्क होने से ट्रक में आग लगने की घटना हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस पूरे हादसे में कोई जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, ट्रक लोहे की रॉड लेकर छत्तीसगढ़ के रायपुर से मुंबई की ओर जा रहा था।
200 मीटर की दूरी पर था पेट्रोल पंप
जानकारी के अनुसार, लोहे के रॉड से लदा ट्रक के पेट्रोल पंप के पास डीजल भरने के लिए कुछ दूरी पर खड़ा था। इसी दौरान ट्रक की वायरिंग में अचानक स्पार्क हुई और आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे ट्रक को अपने चपेट में ले लिया। घटनास्थल से महज 200 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप था। आपको बता दें कि बीते महीने राज्य के अमरावती जिले में भी महिला अस्पताल के चाइल्ड वार्ड में आग लग गई थी, जिसमें 3 नवजात बच्चों की मौत हो गई थी।
ट्रक पूरी तरह से जलकर खाक
घटना की सूचना मिलते ही महामार्ग सुरक्षा दल और आरटीओ अधिकारियों ने बुटीबोरी फायर ब्रिगेड को इसके बारे में जानकारी दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड ने दो दमकल वाहनों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर सबसे पहले पेट्रोल पंप की दिशा में पानी की बौछार कर आग को आगे बढ़ने से रोका। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने ट्रक को घेर कर पूरी तरह से आग पर काबू पा लिया। हालांकि, आग में ट्रक पूरी तरह से जलकर खाक हो गया।
ये भी पढ़ें- सार्वजनिक शौचालय में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, फिर नाले में फेंका शव
12वीं में 95.7 प्रतिशत नंबर आए थे, फिर भी छात्र ने कर ली आत्महत्या, हैरान कर देगा कारण