महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक बड़ी ही दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां पसंद के संस्थान में एडमिशन न मिलने के कारण एक छात्र इतना आहत हो गया कि उसने अपनी जान दे दी है। हैरान करने वाली बात ये भी है कि आत्महत्या करने वाले छात्र ने 12वीं की साइंस कैटेगरी की परीक्षा में 95.7 प्रतिशत नंबर हासिल किए थे। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
क्या था आत्महत्या का कारण?
पुलिस ने सोमवार को इस पूरी घटना के बारे में जानकारी दी है। पुलिस ने बताया है कि मृतक नाबालिग छात्र घोड़बंदर रोड स्थित हीरानंदानी एस्टेट में रहने वाला था। जानकारी के अनुसार, छात्र 12वीं के बाद इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी, शिबपुर में एडमिशन लेना चाहता था और वहां से बीएस-एमएस की डबल डिग्री हासिल करना चाहता था। हालांकि, एंट्रेंस परीक्षा में उसे 10,474वीं रैंक मिली। इस कारण से उसी संस्थान में सीट नहीं मिली जिससे वह काफी ज्यादा निराश था। बता दें कि दूसरी ओर महाराष्ट्र के नवी मुंबई में सार्वजनिक शौचालय में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है।
22वीं मंजिल से कूदा छात्र
सामने आई जानकारी के अनुसार, छात्र शुक्रवार को शाम को लगभग 7 बजकर 30 मिनट पर साइकल चलाने का बोलकर अपने घर से निकला था। इसके बाद छात्र ने 8 बजकर 15 मिनट पर अपने फैमिली के व्हाट्सऐप ग्रुप में मैसेज भेजा था कि वह जान देने जा रहा है। इससे पहले कि छात्र का परिवार कुछ कदम उठा पाता, छात्र एक बिल्डिंग की 22वीं मंजिल से कूद गया।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
जानकारी के अनुसार, जब छात्र का नंबर बंद आया तो उसके घरवालों ने कसारवडावली पुलिस को पूरे मामले के बारे में खबर दी। जब तलाशी की गई तो छात्र एक अपार्टमेंट के नजदीक में फुटपाथ पर गंभीर तरह से घायल स्थिति में मिला। हालांकि, जब उसे हॉस्पिटल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने छात्र के पिता के बयान के अनुसार, BNS की धारा 194 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, छात्र के परिवार को मामले में किसी भी साजिश की आशंका नहीं है। उन्होंने इसके लिए पढ़ाई से जुड़ी परेशानी को कारण बताया है। (इनपुट: भाषा)
डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।
या
TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)
(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)
ये भी पढ़ें- नवी मुंबई में कैब ड्राइवर ने महिला यात्री से की छेड़छाड़, कपड़े उतारने की कोशिश; मामला दर्ज