1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. तमिलनाडु के स्पिनर की रणजी ट्रॉफी में हैट्रिक, 10 विकेट लेकर टीम को दिलाई बड़ी जीत

तमिलनाडु के स्पिनर की रणजी ट्रॉफी में हैट्रिक, 10 विकेट लेकर टीम को दिलाई बड़ी जीत

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Oct 20, 2026 03:46 pm IST,  Updated : Oct 20, 2026 03:46 pm IST

तमिलनाडु की टीम ने रणजी ट्रॉफी के अपने दूसरे मैच में उत्तराखंड को एक पारी और 66 रनों से करारी शिकस्त दी है। इस शानदार जीत के सबसे बड़े हीरो टीम के स्पिनर साई किशोर रहे।

Sai kishore- India TV Hindi
आर साई किशोर Image Source : PTI

रणजी ट्रॉफी 2026-27 के दूसरे दौर के मुकाबले में तमिलनाडु ने उत्तराखंड को पारी और 66 रनों से करारी शिकस्त दी है। तमिलनाडु की इस शानदार जीत में उनके बाएं हाथ के स्पिनर आर साई किशोर ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए हैट्रिक समेत कुल 6 विकेट चटकाए, जिससे उत्तराखंड की पूरी टीम दबाव में आ गई और उनके आखिरी 5 विकेट तो मात्र 10 रन के अंदर ही गिर गए। मैच की बात करें तो उत्तराखंड ने पहली पारी में 134 रन बनाए थे, जिसके जवाब में तमिलनाडु ने 313 रन बनाकर 179 रनों की मजबूत बढ़त हासिल कर ली थी। इसके बाद अपनी दूसरी पारी में भी उत्तराखंड की टीम महज 113 रन पर ही सिमट गई।

साई किशोर ने दूसरी पारी में तीन गेंदों में झटके 3 विकेट

रणजी ट्रॉफी के इस मुकाबले में तमिलनाडु के स्पिनर साई किशोर ने उत्तराखंड की दूसरी पारी के दौरान कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने पारी के 43वें ओवर में लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट लेकर शानदार हैट्रिक बनाई, जिसमें उन्होंने चौथे, पांचवें और छठे ओवर की गेंदों पर लक्ष्य रायचंदानी, सौरभ रावत और आदित्य रावत को आउट किया। इसके अलावा उन्होंने अपनी शानदार गेंदबाजी से आरव महाजन, जगदीश सुचित और देवेंद्र सिंह बोरा को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया। वहीं पहली पारी में उन्होंने 4 विकेट चटकाए थे। इस तरह वह कुल 10 विकेट लेने में कामयाब रहे।

तमिलनाडु के लिए रणजी ट्रॉफी में 8 गेंदबाजों ने झटके हैं हैट्रिक

तमिलनाडु के लिए रणजी ट्रॉफी के इतिहास में अब तक सिर्फ 8 गेंदबाजों ने हैट्रिक लेने का यह बड़ा कारनामा किया है। इस लिस्ट में सबसे पहला नाम साल 1972-73 में बी.एस. कल्याणसुंदरम का आता है। इसके बाद भरत अरुण (1986-87), सुनील सुब्रमण्यम (1992-93), दामोदरन देवआनंद (1998-99), आर. रामकुमार (2003-04) और एम. मोहम्मद (2018-19) ने यह शानदार उपलब्धि हासिल की। गुरजपनीत सिंह ने पिछले सीजन (2025-26) में नागालैंड के खिलाफ और अब मौजूदा सीजन (2026-27) में साई किशोर ने उत्तराखंड के खिलाफ लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट लेकर इस खास सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है।

तुषार देशपांडे ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ ली थी हैट्रिक

साई किशोर रणजी ट्रॉफी के जारी सीजन में हैट्रिक लेने वाले दूसरे गेंदबाज हैं। इससे पहले मुंबई के तुषार देशपांडे ने जारी सीजन के पहले राउंड में छत्तीसगढ़ के खिलाफ मैच में हैट्रिक लेकर सनसनी मचाई थी। उस मैच में उन्होंने सिर्फ 7 ओवर गेंदबाजी करके अपना पांच विकेट हॉल पूरा किया था।

यह भी पढ़ें:

रणजी ट्रॉफी में दिखेगा ऑस्ट्रेलियाई अंपायर का जलवा, भारतीय अंपायर पराशर जोशी जाएंगे ऑस्ट्रेलिया

शेफाली वर्मा पर ICC का एक्शन, जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में कैच छूटने पर आपा खोने की मिली सजा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।