1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. अमित शाह पहुंचे पंजाब, नशे के खिलाफ लड़ाई में जान गंवाने वालों के परिजनों से की मुलाकात

अमित शाह पहुंचे पंजाब, नशे के खिलाफ लड़ाई में जान गंवाने वालों के परिजनों से की मुलाकात

 Reported By: Puneet Pareenja,  Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Oct 20, 2026 02:16 pm IST,  Updated : Oct 20, 2026 02:59 pm IST

अमित शाह मानसा में परविंदर सिंह झोटा के परिवार से भी मुलाकात करेंगे। हाल ही में परविंदर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। झोटा के पिता ने बेटे के सीबीआई जांच की मांग उठाई है।

विक्रमजीत सिंह के घर पर अमित शाह- India TV Hindi
विक्रमजीत सिंह के घर पर अमित शाह Image Source : ANI

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को पंजाब पहुंचे। उनका राज्य में नशे के खिलाफ आवाज उठाने के कारण जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मिलने के लिए गुरदासपुर, संगरूर और मानसा का एक दिवसीय दौरा करने का कार्यक्रम है। शाह के पंजाब दौरे से पहले इन तीनों जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 

बिक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाकात

अमित शाह सबसे पहले गुरदासपुर जिले के बटाला स्थित मारी पनवां गांव पहुंचे, जहां वह बिक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाकात की। बिक्रमजीत की 15 अक्टूबर को कथित तौर पर अपने इलाके में मादक पदार्थों की बिक्री का विरोध करने के कारण हत्या कर दी गई थी। हालांकि, पुलिस ने कहा था कि यह हत्या दो समूहों के बीच मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद का नतीजा थी।

तूर बनजारा गांव पहुंचे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संगरूर जिले के तूर बनजारा गांव पहुंचे। वे गुलजार सिंह के परिवार से मुलाकात करेंगे। गुलजार सिंह ने पिछले महीने नशे के मुद्दे को उठाने के बाद आत्महत्या कर ली थी। आरोप है कि पंचायत के सरपंच और सदस्यों द्वारा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित और अपमानित किया गया था। परिवार इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। वहीं, विपक्षी दल नशे के मुद्दे को लेकर राज्य सरकार पर हमलावर हैं।

मानसा में झोटा के परिवार से करेंगे मुलाकात

इसके बाद अमित शाह मानसा जाएंगे, जहां वह नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मुलाकात करेंगे। झोटा की पिछले सप्ताह एक मेडिकल स्टोर के मालिक ने हत्या कर दी थी। झोटा के पिता भीम सिंह ने सोमवार को कहा था कि शाह से मुलाकात के दौरान वह अपने बेटे की हत्या की सीबीआई से जांच की मांग उठाएंगे। वह दवा की दुकानों पर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे। उनकी 13 अक्टूबर को मानसा के एक व्यस्त बाजार में स्थित दवा दुकान के भीतर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 

आरोपी को सालासार से लिया गया था हिरासत में

दवा दुकान में एक बुजुर्ग को नशीले पदार्थ बेचे जाने को लेकर सवाल करने के बाद दुकान के मालिक अश्विनी कुमार ने झोटा पर गोली चला दी थी। कुमार को राजस्थान के सालासर से हिरासत में लिया गया था। घटना उस वक्त हुई जब झोटा फेसबुक पर लाइव थे। इस घटना के बाद पंजाब में राजनीतिक घमासान शुरू हो गया। पंजाब में अगले साल की शुरुआत में चुनाव होने हैं। शाह के दौरे से कुछ घंटे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार ने झोटा हत्याकांड की जांच सीबीआई को सौंपने का फैसला किया है। (भाषा के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड से जुड़ी बड़ी खबर, CM मान ने किया CBI जांच का ऐलान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।