1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शेफाली वर्मा पर ICC का एक्शन, जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में कैच छूटने पर आपा खोने की मिली सजा

शेफाली वर्मा पर ICC का एक्शन, जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में कैच छूटने पर आपा खोने की मिली सजा

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 20, 2026 01:11 pm IST,  Updated : Oct 20, 2026 01:13 pm IST

भारतीय महिला क्रिकेटर शैफाली वर्मा को जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे T20 मुकाबले में ICC की आचार संहिता का उल्लंघन करने पर आधिकारिक चेतावनी दी गई है।

Shafali Varma- India TV Hindi
शेफाली वर्मा Image Source : AFP

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज शेफाली वर्मा को जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे T20 इंटरनेशनल मुकाबले में ICC की आचार संहिता का उल्लंघन करने पर आधिकारिक चेतावनी दी गई है। उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। यह घटना 18 अक्टूबर को रायपुर में खेले गए मुकाबले के दौरान हुई थी। ICC के मुताबिक, शेफाली ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए निर्धारित आचार संहिता के लेवल-1 का उल्लंघन किया। उन पर अनुच्छेद 2.2 के तहत कार्रवाई की गई, जो इंटरनेशनल मैच के दौरान क्रिकेट के उपकरणों, कपड़ों या मैदान पर मौजूद अन्य सामान के दुरुपयोग से संबंधित है।

कैच छूटने के बाद गुस्से में फेंकी गेंद

यह घटना भारत की गेंदबाजी के दौरान पहली पारी के 12वें ओवर में हुई। श्री चरणी की गेंद पर शेफाली वर्मा ने मिड-ऑफ पर चिपो मुगेरी-तिरिपानो का कैच छोड़ दिया। इससे निराश होकर शैफाली ने गुस्से में गेंद जमीन पर फेंक दी। इसी व्यवहार को आचार संहिता का उल्लंघन माना गया। शेफाली ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और ICC मैच रेफरी पैनल की जीएस लक्ष्मी की ओर से प्रस्तावित सजा को भी मान लिया। ऐसे में मामले की औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला उल्लंघन था।

डिमेरिट पॉइंट बढ़ने पर लग सकता है बैन

ICC के नियमों के अनुसार, यदि कोई खिलाड़ी 24 महीने की अवधि में चार या उससे अधिक डिमेरिट पॉइंट हासिल करता है, तो उन्हें सस्पेंशन पॉइंट में बदल दिया जाता है। दो सस्पेंशन पॉइंट मिलने पर खिलाड़ी को एक टेस्ट या दो ODI या दो T20I मैचों से बैन किया जा सकता है, जो भी पहले लागू हो। डिमेरिट पॉइंट खिलाड़ी के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में 24 महीने तक बने रहते हैं। इस अवधि के बाद उन्हें रिकॉर्ड से हटा दिया जाता है।

भारत ने जीती सीरीज

रायपुर के मैदान पर हुई इस घटना के बावजूद दूसरे T20I मुकाबले में शेफाली का बल्ला जमकर चला था। उन्होंने महज 25 गेंदों में 55 रन की तूफानी पारी खेली और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। पहले T20I मुकाबले में कड़ी टक्कर मिलने के बाद भारतीय टीम ने दूसरे मैच में दमदार प्रदर्शन किया। जिम्बाब्वे की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 102 रन पर आठ विकेट गंवा बैठी। इसके जवाब में भारत ने 9वें ओवर तक लक्ष्य हासिल कर लिया और सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। दोनों टीमों के बीच सीरीज का तीसरा T20I मुकाबला 20 अक्टूबर को रायपुर में खेला जाना है।

यह भी पढ़ें:

रणजी ट्रॉफी में दिखेगा ऑस्ट्रेलियाई अंपायर का जलवा, भारतीय अंपायर पराशर जोशी जाएंगे ऑस्ट्रेलिया

क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर गिरी गाज, पुर्तगाल टीम का कैंप छोड़ने पर लगा 30 दिन का बैन और जुर्माना

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।