1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रणजी ट्रॉफी में दिखेगा ऑस्ट्रेलियाई अंपायर का जलवा, भारतीय अंपायर पराशर जोशी जाएंगे ऑस्ट्रेलिया

रणजी ट्रॉफी में दिखेगा ऑस्ट्रेलियाई अंपायर का जलवा, भारतीय अंपायर पराशर जोशी जाएंगे ऑस्ट्रेलिया

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 20, 2026 10:36 am IST,  Updated : Oct 20, 2026 10:45 am IST

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक और पहल की गई है। इस बार दोनों देशों के खिलाड़ी नहीं, बल्कि अंपायर एक-दूसरे के घरेलू क्रिकेट में अपनी भूमिका निभाते नजर आएंगे।

Ranji Trophy- India TV Hindi
रणजी ट्रॉफी में दिखेगा ऑस्ट्रेलियाई अंपायर का जलवा Image Source : AFP

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट का रिश्ता सिर्फ खिलाड़ियों और मुकाबलों तक सीमित नहीं है। अब दोनों देशों के अंपायर भी एक-दूसरे के घरेलू क्रिकेट में अपनी भूमिका निभाते नजर आएंगे। BCCI और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अंपायर एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत ऑस्ट्रेलियाई अंपायर बेन ट्रेलोर भारत में रणजी ट्रॉफी के दो मैचों में अंपायरिंग करेंगे। वहीं, भारतीय अंपायर पराशर जोशी को ऑस्ट्रेलिया में शेफील्ड शील्ड और वनडे कप के मुकाबलों में अंपायरिंग का मौका मिलेगा।

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, बेन ट्रेलोर इस सीजन में रणजी ट्रॉफी के दो मुकाबलों में मैदान पर अंपायर की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह 18 से 21 अक्टूबर तक दिल्ली और गुजरात के बीच दिल्ली में खेले जा रहे मुकाबले में अंपायरिंग करेंगे। इसके बाद 26 से 29 अक्टूबर तक मुंबई में मुंबई और हरियाणा के बीच होने वाले मैच में भी उनकी नियुक्ति की गई है।

ट्रेलोर अनुभवी अंपायर

ट्रेलोर के पास घरेलू क्रिकेट में अंपायरिंग का अच्छा अनुभव है। वह अब तक 30 फर्स्ट क्लास मैचों, 20 लिस्ट-ए मुकाबलों और बिग बैश लीग के 39 मैचों में अंपायरिंग कर चुके हैं। इसके अलावा, वह दो महिला वनडे इंटरनेशनल और चार महिला T20 इंटरनेशनल मैचों में भी अंपायर की भूमिका निभा चुके हैं। मैदान के बाहर भी ट्रेलोर क्रिकेट से जुड़े हैं। वह क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स में अंपायर एजुकेशन ऑफिसर के रूप में काम करते हैं और नए मैच अधिकारियों को तैयार करने में योगदान देते हैं। अंपायरिंग एजुकेशन के क्षेत्र में उनके काम को न्यू साउथ वेल्स क्रिकेट अंपायर्स एंड स्कोरर्स एसोसिएशन के चार जॉर्ज बोरविक मेमोरियल अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।

ऑस्ट्रेलिया में 3 मुकाबलों में अंपायरिंग करेंगे पराशर जोशी

दूसरी ओर, भारतीय अंपायर पराशर जोशी ऑस्ट्रेलिया में तीन मुकाबलों में अंपायरिंग करेंगे। उनके कार्यक्रम की शुरुआत 11 से 14 नवंबर तक ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर क्वींसलैंड और तस्मानिया के बीच होने वाले शेफील्ड शील्ड मैच से होगी। इसके बाद वह 16 नवंबर को इसी मैदान पर दोनों टीमों के वनडे कप मुकाबले में अंपायरिंग करेंगे।

जोशी का एक्सचेंज प्रोग्राम 22 से 25 नवंबर तक सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर न्यू साउथ वेल्स और क्वींसलैंड के बीच होने वाले शेफील्ड शील्ड मैच के साथ पूरा होगा। भारतीय घरेलू क्रिकेट में भी जोशी का अनुभव अच्छा रहा है। वह रणजी ट्रॉफी और दलीप ट्रॉफी सहित 19 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में अंपायरिंग कर चुके हैं। इसके अलावा, वह विजय हजारे ट्रॉफी, देवधर ट्रॉफी, IPL और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी सहित 40 T20 मुकाबलों में भी अंपायरिंग कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें:

स्टीफन फ्लेमिंग का बड़ा बयान, कहा- इंग्लैंड का कोच अंग्रेज ही होना चाहिए, बताई अपनी प्राथमिकता

जसप्रीत बुमराह को तीनों फॉर्मेट नहीं खेलना चाहिए, टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच ने क्यों दिया ऐसा बयान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।