इंग्लैंड क्रिकेट टीम की कोचिंग को लेकर एक बार फिर घरेलू बनाम विदेशी कोच की बहस तेज हो सकती है। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान और इंग्लैंड के नए टेस्ट कोच स्टीफन फ्लेमिंग का मानना है कि इंग्लैंड की नेशनल टीम की जिम्मेदारी मुख्य रूप से उसी देश के कोच को मिलनी चाहिए, जिसका प्रतिनिधित्व टीम करती है। हालांकि, फ्लेमिंग खुद न्यूजीलैंड से हैं और अब इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कमान संभालने जा रहे हैं।
फ्लेमिंग दिसंबर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज से इंग्लैंड के टेस्ट कोच के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी शुरू करेंगे। वह पिछले कई सालों में इंग्लैंड की मेन्स टेस्ट टीम की कमान संभालने वाले विदेशी कोचों की सूची में एक और नाम हैं। फ्लेमिंग से पहले न्यूजीलैंड के ही ब्रेंडन मैकुलम इस भूमिका में थे। मैकुलम अब भी इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम के हेड कोच बने रहेंगे।
स्थानीय कोचों को विकसित करने पर होगा फोकस
BBC रेडियो 5 लाइव से बातचीत के दौरान फ्लेमिंग ने कहा कि इंग्लैंड के कोचिंग सिस्टम में स्थानीय कोचों को विकसित करना उनके कार्यकाल की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि मुख्य रूप से नेशनल टीम को उसी देश के किसी प्रतिनिधि द्वारा कोचिंग दी जानी चाहिए
फ्लेमिंग ने इंग्लैंड का टेस्ट कोच बनने का अवसर मिलने पर आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि कोचिंग के क्षेत्र में स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए काम किया जाएगा। उनके मुताबिक, टीम के सहयोगी स्टाफ को देखकर भी इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों का अंदाजा लगाया जा सकता है।
इंग्लैंड के कोचिंग स्टाफ में स्थानीय चेहरों को जगह
फ्लेमिंग की कोचिंग टीम में इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ियों और घरेलू क्रिकेट से जुड़े कोचों को अहम जिम्मेदारी दी गई है। इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज मार्कस ट्रेस्कोथिक, विकेटकीपर जेम्स फोस्टर और पूर्व स्पिनर रिचर्ड डॉसन उनके सहयोगी स्टाफ का हिस्सा हैं। ट्रेस्कोथिक इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड की टेस्ट टीम के अंतरिम कोच की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
इंग्लैंड के लिए एशेज जीतने वाले जोनाथन ट्रॉट भी जल्द ही इंग्लैंड लायंस के कोच के रूप में काम शुरू करेंगे। ट्रॉट और डॉसन दोनों ही इंग्लैंड की टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद की दौड़ में शामिल थे, लेकिन अंत में फ्लेमिंग को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। फ्लेमिंग ने कहा कि वह अपने मौजूदा स्टाफ के सदस्यों के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि काउंटी क्रिकेट से जुड़े कोचों और इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ियों को समय-समय पर टीम के कोचिंग सेटअप में शामिल किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:
जसप्रीत बुमराह को तीनों फॉर्मेट नहीं खेलना चाहिए, टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच ने क्यों दिया ऐसा बयान
WPL Auction 2027 के लिए 146 प्लेयर का नाम आया सामने, सिर्फ 27 स्लॉट के लिए लगेगी बोली