1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'मुझे लगा टायर फटा है, फिर तेज दर्द हुआ', टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के दौरान सीने में लगी गोली, अब उमेश ने बताया उस शाम का मंजर

'मुझे लगा टायर फटा है, फिर तेज दर्द हुआ', टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के दौरान सीने में लगी गोली, अब उमेश ने बताया उस शाम का मंजर

 Reported By: Saket Rai,  Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Oct 20, 2026 02:07 pm IST,  Updated : Oct 20, 2026 02:33 pm IST

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के दौरान घायल हुए उमेश चौहान ने इंडिया टीवी को घटना की आपबीती सुनाई। अभिनेता की मां अस्पताल मिलने पहुंचीं और परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

Umesh chauhan- India TV Hindi
उमेश चौहान। Image Source : REPORTER INPUT

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के दौरान घायल हुए उमेश चौहान ने पहली बार इंडिया टीवी से बातचीत में उस शाम की पूरी घटना बताई है। उमेश अपने दोस्त के साथ अभिनेता का वीडियो बनाने के लिए जुहू के एक फुटबॉल ग्राउंड के पास पहुंचे थे। इसी दौरान टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाई गईं और एक गोली उमेश के सीने में जा लगी। गोली उनके लिवर तक पहुंच गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका इलाज मुंबई के केईएम अस्पताल में चल रहा है। उमेश ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि उन्हें हार्ट अटैक आया है, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि उन्हें गोली लगी है।

'मुझे लगा टायर फटा है', अचानक सीने में होने लगा तेज दर्द

35 वर्षीय उमेश चौहान रविवार को अपने दोस्त किशन राजभर के साथ टाइगर श्रॉफ का वीडियो बनाने पहुंचे थे। उमेश रविवार को अपने यूट्यूब चैनल के लिए व्लॉग बनाते हैं और इसी के जरिए अपनी आमदनी बढ़ाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने बताया कि घटना शाम करीब सात बजे की है। टाइगर श्रॉफ की कार जैसे ही फुटबॉल ग्राउंड के गेट से बाहर निकली, उसी समय फायरिंग शुरू हो गई। उमेश कार के शीशे के पास खड़े होकर वीडियो बना रहे थे। उमेश के मुताबिक अचानक गोली चलने जैसी आवाज आई, लेकिन उन्हें लगा कि शायद किसी गाड़ी का टायर फट गया है। कुछ ही देर बाद उनके सीने में तेज दर्द होने लगा। वह घबराकर मदद के लिए चिल्लाने लगे। उन्हें सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी। उस वक्त उन्हें इस बात का अंदाजा तक नहीं था कि उनके सीने में गोली लगी है।

उमेश ने बताया कि दर्द बढ़ने पर उन्होंने वहां मौजूद लोगों से मदद मांगी। उन्हें पहले कूपर अस्पताल ले जाया गया, जहां शुरुआती जांच की गई। इसके बाद उन्हें केईएम अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में जांच के दौरान उन्हें पता चला कि फायरिंग में गोली उनके सीने में लगी है और उनके लिवर को भी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल वह आईसीयू में भर्ती हैं।

टाइगर श्रॉफ की मां मिलने पहुंचीं, मदद का दिया भरोसा

इस मुश्किल वक्त में टाइगर श्रॉफ के परिवार की ओर से भी उमेश का हालचाल लिया गया है। इंडिया टीवी से बातचीत के दौरान उमेश ने बताया कि अभिनेता की मां उनसे मिलने अस्पताल आई थीं। उन्होंने उमेश और उनके परिवार को भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल समय में वे उनके साथ हैं और हरसंभव मदद करने की कोशिश करेंगे। उमेश के मुताबिक टाइगर श्रॉफ ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। परिवार की ओर से मिले इस भरोसे के बाद उमेश को उम्मीद है कि वह जल्द ठीक होकर अपने घर लौट सकेंगे। हालांकि, गोली लगने से उनके लिवर को हुए नुकसान के कारण फिलहाल उनका इलाज जारी है।

गर्भवती पत्नी और छह साल के बेटे की जिम्मेदारी

उमेश चौहान के परिवार की स्थिति इस घटना को और भी संवेदनशील बना देती है। वह मुंबई के मानखुर्द इलाके में अपनी पत्नी और छह साल के बेटे के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी आठ महीने की गर्भवती हैं। उमेश सप्ताह के बाकी दिनों में छोटे-मोटे काम करके परिवार का खर्च चलाते हैं, जबकि रविवार को सेलिब्रिटी के वीडियो बनाकर अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड करते हैं। इससे उन्हें कुछ अतिरिक्त कमाई हो जाती है। टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के दौरान घायल होने के बाद अब उनके परिवार के सामने आर्थिक और भावनात्मक चुनौतियां भी हैं। एक ओर उमेश अस्पताल में जिंदगी की इस मुश्किल घड़ी से गुजर रहे हैं, तो दूसरी ओर उनके परिवार को उनके स्वस्थ होने का इंतजार है। रविवार को सेलिब्रिटी का वीडियो बनाने निकले उमेश ने शायद ही सोचा होगा कि कुछ ही मिनटों में उनकी जिंदगी बदल जाएगी। जिस आवाज को उन्होंने पहले टायर फटने की आवाज समझा था, वह दरअसल फायरिंग थी। अब उनकी प्राथमिकता स्वस्थ होकर अपने परिवार के पास लौटना है। बता दें, इस मामले में सामने आया है कि आरोपी सिर्फ 35 हजार रुपये और विदेश में नौकरी के लालच में इस वारदात को अंजाम दिए थे।

ये भी पढ़ें:  'बोला तो जा नहीं रहा, गाना क्या गाओगे', नशे में धुत होने के दलेर मेहंदी पर लगे आरोप, मंच पर ही मंत्री सुबोध उनियाल ने लगाई फटकार            

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।