1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नवी मुंबई में कैब ड्राइवर ने महिला यात्री से की छेड़छाड़, कपड़े उतारने की कोशिश; मामला दर्ज

नवी मुंबई में कैब ड्राइवर ने महिला यात्री से की छेड़छाड़, कपड़े उतारने की कोशिश; मामला दर्ज

 Written By: Amar Deep
 Published : Sep 07, 2026 11:15 am IST,  Updated : Sep 07, 2026 11:51 am IST

नवी मुंबई एयरपोर्ट के पास एक महिला यात्री से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला कैब में बैठकर अपने घर जा रही थी। तभी कैब ड्राइवर ने कार रोकी और पीछे की सीट पर जाकर बैठ गया। उसने महिला यात्री के कपड़े उतारने की कोशिश की।

सर्विस रोड पर कार रोककर की छेड़छाड़।- India TV Hindi
सर्विस रोड पर कार रोककर की छेड़छाड़। Image Source : REPORTER INPUT

नवी मुंबई: महाराष्ट्र के नवी मुंबई एयरपोर्ट से कुछ ही दूरी पर ऑनलाइन कैब से यात्रा कर रही एक महिला यात्री के साथ दुराचार की कोशिश का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत के आधार पर नवी मुंबई एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में आरोपी मोहम्मद अफजल शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और तकनीकी जांच के जरिए उसके ठिकाने तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार देर रात एयरपोर्ट सर्विस रोड पर हुई।

पानी पीने के बहाने रोकी कार

शिकायत के मुताबिक, पीड़िता अपने दोस्तों के साथ पार्टी के लिए चेंबूर गई थी और वापस लौटते समय उसके एक दोस्त ने कैब बुक की थी। महिला कैब से पनवेल स्थित अपने घर लौट रही थी। रात करीब डेढ़ बजे एयरपोर्ट से लगभग 2 किलोमीटर पहले सर्विस रोड पर पहुंचने के बाद ड्राइवर ने कथित तौर पर कार सड़क किनारे रोक दी। वह पानी पीने की बात कहकर नीचे उतरा। इसके बाद वह पिछली सीट पर अकेली बैठी महिला के पास जाकर बैठ गया। आरोप है कि उसने महिला का हाथ पकड़कर उसके कपड़े उतारने की कोशिश की।

जान बचाकर भागी पीड़िता

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि महिला के शोर मचाया, लेकिन आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके बाद वह किसी तरह कार से बाहर निकली और परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। बाद में वह शिकायत दर्ज कराने पनवेल पुलिस स्टेशन पहुंची, लेकिन घटना एयरपोर्ट पुलिस थाना क्षेत्र में होने के कारण पनवेल पुलिस ने उसे वाहन से नवी मुंबई एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन पहुंचाया, जहां मामला दर्ज किया गया।

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

वहीं इस घटना के बाद ऑनलाइन कैब सेवाओं में महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। रात के समय सुनसान रास्तों से गुजरने वाली महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए कैब कंपनियों और संबंधित एजेंसियों की ओर से किए जाने वाले सुरक्षा उपायों की प्रभावशीलता पर भी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश के साथ-साथ घटना से जुड़े तकनीकी और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। (इनपुट- पुरुषोत्तम कन्नौजिया)

यह भी पढ़ें-

दिल्ली बिल्डिंग हादसे वाली जगह पर पहुंचीं CM रेखा गुप्ता, पांचवीं मंजिल वाले भवनों को फौरन सील करने के निर्देश, जिम्मेदार अधिकारी नपेंगे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।