1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पालघर में आश्रम से छिपकर मेला देखने निकले 5 छात्र, सड़क हादसे में दो की मौत; तीन घायल

पालघर में आश्रम से छिपकर मेला देखने निकले 5 छात्र, सड़क हादसे में दो की मौत; तीन घायल

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 20, 2026 05:21 pm IST,  Updated : Oct 20, 2026 05:21 pm IST

पालघर में सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई है, जबकि तीन घायल है। जानकारी के मुताबिक ये छात्र चुपके से हॉस्टल से निकलकर मेला देखने गए थे।

सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत।- India TV Hindi
सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत। Image Source : REPORTER INPUT

पालघर: महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गांव के मेले से अपने आश्रम स्कूल लौट रहे छात्रों की बाइक फिसलकर सड़क किनारे एक गड्ढे में गिर गई। इस हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना सोमवार तड़के जव्हार तालुका में हुई। वहीं घटना के बाद हीराडपाडा गगनगिरी आश्रम स्कूल के हेडमास्टर, वार्डन और चौकीदार को सस्पेंड कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक ये पांचों छात्र स्कूल से चुपके से निकलकर पास के सरसुन गांव में नवरात्रि उत्सव में शामिल होने गए थे।

लौटते समय हुआ हादसा

जव्हार पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया, "छात्र हॉस्टल से चुपके से निकल गए और एक ही बाइक पर सवार हो गए। 19 अक्टूबर को तड़के 2:30 से 3:00 बजे के बीच स्कूल लौटते समय, कोंग्डी घाट पर उनकी बाइक एक भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। इसमें सुमित मोतीराम भिंगल (18) और प्रीतम गणेश पोटिंडा (15) नाम के दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।"

दो छात्रों की हुई मौत

अधिकारी ने बताया कि वहां से गुजर रहे एक वाहन चालक ने जव्हार पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को तुरंत जव्हार के एक कॉटेज अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए, उन्हें बेहतर इलाज के लिए नासिक के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इस घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि स्कूल के हेडमास्टर, हॉस्टल वार्डन और नाइट वॉचमैन की निगरानी के बावजूद, पांच छात्र देर रात हॉस्टल से बिना किसी की जानकारी के कैसे बाहर निकल गए।

कारण बताओ नोटिस जारी

एक अधिकारी ने बताया कि इंटीग्रेटेड ट्राइबल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (ITDP) की जांच समिति की रिपोर्ट में सुरक्षा में बड़ी खामियां सामने आई हैं। रिपोर्ट के अनुसार, हॉस्टल के अंदर बाहरी छात्रों (जो वहां नहीं रहते) को आने की अनुमति दी गई थी, और पहले दी गई चेतावनियों के बावजूद CCTV कैमरे भी खराब पड़े थे। अधिकारी ने बताया कि इस दुखद घटना को गंभीरता से लेते हुए, ITDP प्रोजेक्ट ऑफिसर और जव्हार के असिस्टेंट कलेक्टर सिद्धार्थ रामकुमार ने स्कूल प्रबंधन, हेडमास्टर, वार्डन और सुरक्षा चौकीदार को औपचारिक 'शो-कॉज' (कारण बताओ) नोटिस जारी किया है। 

आपराधिक मामला दर्ज कराने की मांग

जनता के बढ़ते दबाव और छात्रों की सुरक्षा में गंभीर कमियों को देखते हुए, शिक्षण संस्थान ने प्रधानाध्यापक, वार्डन और चौकीदार को निलंबित कर दिया। एक स्थानीय संगठन ने मांग की कि स्कूल के प्रधानाध्यापक, हॉस्टल वार्डन, रात के चौकीदार और प्रबंधन ट्रस्टियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया जाए। (इनपुट- PTI)

यह भी पढ़ें-

कुशीनगर में मेला देखकर लौट रहे 4 लोगों की सड़क हादसे में मौत, 3 घायल; पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।