A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. लेन-देन में जरा बचके! यहां ठग ने बातों में फंसाकर यूं ऐंठ लिए 27 लाख के जेवर

लेन-देन में जरा बचके! यहां ठग ने बातों में फंसाकर यूं ऐंठ लिए 27 लाख के जेवर

ठाणे में जौहरी के साथ ठगी का नया मामला सामने आया है। यहां ठग ने पहले जौहरी को प्रॉपर्टी के सौदे की बात करके उलझाया और फिर उससे 27 लाख रुपये के जेवर बिना पैसे दिए खरीद लिए। जानें ये पूरा मामला क्या है।

thane fraud case- India TV Hindi
Image Source : PEXELS (सांकेतिक तस्वीर) ठाणे में जौहरी के साथ ठगी के मामले का खुलासा हुआ है।

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे में तब गजब हो गया जब एक लोकल जौहरी से 27.5 लाख रुपये की ठगी हो गई। अब एक्शन लेते हुए पुलिस ने इस आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि भायंदर इलाके के रहने वाले आरोपी ने जुलाई में एक ऑनलाइन रियल एस्टेट मार्केटप्लेस के जरिए 57 साल के जौहरी से दोस्ती करके अग्रिम भुगतान के रूप में 66 लाख रुपये का चेक देकर उसका भरोसा जीता था ताकि जौहरी उससे एक फ्लैट खरीद ले। फिर आरोपी ने जौहरी का भरोसा हासिल करके 27.5 लाख रुपये के सोने के जेवर खरीदे, लेकिन किसी तरह का भुगतान नहीं किया।

पुलिस ने ठग के खिलाफ लिया एक्शन

पुलिस के मुताबिक, फिर ठग की चालाकी को देखते हुए जौहरी ने संपत्ति सौदे के लिए दिए गए चेक से होने वाले पेमेंट को रोक दिया। इसके बाद, जौहरी की शिकायत के आधार पर भायंदर पुलिस ने 16 सितंबर को आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) और 316(2) (आपराधिक विश्वासघात) के तहत केस दर्ज किया।

आरोपी ने बार-बार बदला अपना ठिकाना

इस मामले पर पुलिस ने बताया कि केस दर्ज होने के बाद आरोपी ने अपनी पहचान छिपा ली और अरेस्ट होने से बचने के लिए दिल्ली, नोएडा और मुंबई में बार-बार अपना ठिकाना बदला। आखिरकार, पुलिस को उसके ठाणे के एक होटल में होने का पता चला। फिर बीते 27 नवंबर को पुलिस ने उसे होटल से अरेस्ट किया।

आरोपी के आदतन अपराधी होने का खुला राज

पुलिस ने ये भी बताया कि आरोपी एक आदतन अपराधी है। जौहरी वाले मामले के अलावा, उसके खिलाफ ठाणे और मुंबई में धोखाधड़ी के कई केस पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने साफ कहा कि अपराध करने वाला कभी बच नहीं सकता है। वहां जहां भी छिपने की कोशिश करे, उसको ढूंढ निकाला ही जाएगा। अपराध करने वालों को हम बख्शने वाले नहीं हैं।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- नहीं ढूंढे मिल रहा BLO तो भी ना लें टेंशन! घर बैठे अपने फोन से झटपट ऐसे भरें SIR का फॉर्म

ये भी पढ़ें- पॉपुलेशन कंट्रोल के लिए सीरियस हुए भारतीय माता-पिता, प्रजनन दर में भारी गिरावट से इतनी होने वाली है देश की जनसंख्या