A
Hindi News महाराष्ट्र बंगले पर कर रहे थे शराब पार्टी, बहस हुई तो शख्स ने पोछे के हैंडल से पीटकर कर दी दोस्त की हत्या

बंगले पर कर रहे थे शराब पार्टी, बहस हुई तो शख्स ने पोछे के हैंडल से पीटकर कर दी दोस्त की हत्या

एक शख्स ने "शराब पार्टी" के दौरान बहस होने के बाद अपने 50 वर्षीय दोस्त की हत्या कर दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi Image Source : FILE (PTI) प्रतीकात्मक फोटो

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के येऊर इलाके में मंगलवार रात एक "शराब पार्टी" के दौरान हुई तीखी बहस ने एक व्यक्ति की जान ले ली। पुलिस ने बुधवार को इस संबंध में मृतक के दोस्त को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

वर्तकनगर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात येऊर स्थित एक निजी बंगले में हुई, जिसकी देखभाल आरोपी करता था। मृतक की पहचान भानु प्रसाद सिंह (50) के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार यादव (27) के रूप में हुई है, जो उस बंगले का केयरटेकर है।

बंगले पर बुलाई गई थी पार्टी

पुलिस के अनुसार, राजकुमार यादव ने भानु प्रसाद सिंह को बंगले पर बुलाया था, जहां दोनों ने रात में शराब पीना शुरू किया। कुछ ही देर में उनके बीच किसी बात को लेकर गरमागरम बहस शुरू हो गई और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों एक-दूसरे को गाली-गलौज करने लगे।

पोछे के हैंडल से किया जानलेवा हमला

अधिकारी का कहना है कि झगड़े के दौरान राजकुमार यादव ने हिंसक रूप ले लिया। यादव ने कथित तौर पर फर्श साफ करने वाले पोछे का हैंडल उठाया और उस हैंडल से भानु प्रसाद सिंह के सिर पर जोर से वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण सिंह वहीं गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही वर्तकनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत आरोपी राजकुमार यादव को हिरासत में ले लिया और बाद में उस पर हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि जिस बंगले में यादव काम करता है, वह एक स्थानीय व्यवसायी का है। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

रूसी व्यक्ति ने अंडरपास में बुजुर्ग महिला के चेहरे पर मारी लात, बर्बरता का VIDEO वायरल

मां ने कहा- "पढ़ाई कर लो", नाराज छठी कक्षा की छात्रा ने लगा ली फांसी