1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पुणे में ड्रेनेज के लिए खोदे गए 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरा शख्स, हुई मौत; CCTV फुटेज आया सामने

पुणे में ड्रेनेज के लिए खोदे गए 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरा शख्स, हुई मौत; CCTV फुटेज आया सामने

पुणे में ड्रेनेज के लिए खोदे गए करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरने से एक शख्स की मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

गड्ढे में गिरने से शख्स की मौत।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT गड्ढे में गिरने से शख्स की मौत।

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शहर के येरवडा इलाके में एक बार फिर नगर निगम की लापरवाही देखने को मिली। नगर निगम की लापरवाही एक हंसते-खेलते परिवार पर भारी पड़ी। दरअसल, येरवडा के मच्छी मार्केट परिसर में ड्रेनेज के काम के लिए करीब 10 से 15 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया है। एक शख्स इसके बगल से होकर गुजर रहा था, तभी सामने से आ रहे एक ऑटो की टक्कर से वह अनियंत्रित हो गया। इसके बाद वह अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गया। जानकारी के मुताबिक गड्ढे में गिरने से प्रदीप परदेशी नामक व्यक्ति की मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना 17 अक्टूबर को घटी, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय नागरिकों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदीप परदेशी वहां से गुजर रहे थे। इसी दौरान किसी रिक्शा का धक्का लगने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क किनारे खोदे गए खुले और असुरक्षित गड्ढे में जा गिरे। गड्ढा अत्यधिक गहरा होने और वहां सुरक्षा के कोई इंतजाम न होने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि ऑटो के गुजरने के बाद शख्स अनियंत्रित हो गया और वह पीछे की तरफ गड्ढे में गिर गया। बाद में उसे बाहर निकाला गया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। 

हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी

इस दुखद घटना के बाद मृतक प्रदीप परदेशी के परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने लक्ष्मी नगर पुलिस थाने का रुख किया। परिजनों और जनता ने कड़ा सवाल उठाया है कि इस लापरवाही के लिए असल जिम्मेदार कौन है? नागरिकों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए गए परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए और दोषी अधिकारियों तथा ठेकेदार पर मामला दर्ज कर उन्हें सजा दी जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े। (इनपुट- समीर शेख)

यह भी पढ़ें-

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के घायलों से मिले अमित शाह, पूजा समिति के सचिव-उपाध्यक्ष समेत 7 गिरफ्तार