पालघर: महाराष्ट्र के तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक स्टील निर्माण कारखाने में सोमवार को जोरदार विस्फोट की घटना सामने आई। इस विस्फोट में एक कामगार घायल हो गया, जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। वहीं, औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय की ओर से विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
स्टील पिघलाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक तारापुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित विराज प्रोफाइल एसएमएस प्लांट में सोमवार सुबह करीब 10:45 बजे भट्टी में स्टील पिघलाने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में धर्मेंद्र कुमार रामअवध शर्मा (45) नामक क्रेन चालक झुलस गया। उनका बोईसर के स्टार लाइट अस्पताल में इलाज चल रहा है।
धमाके से हिल गया इलाका
विस्फोट इतना जोरदार था कि विराज प्रोफाइल कारखाने के साथ-साथ आसपास का पूरा इलाका हिल गया। घबराए हुए कामगार तुरंत कारखाने से बाहर सड़क की ओर भागने लगे। विस्फोट के कारण कारखाने में लगी टीन की चादरें दूर तक जा गिरीं, जबकि आसपास के कारखानों की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए। बताया जा रहा है कि विस्फोट से करीब दो मिनट पहले खतरे की सूचना देने वाला अलार्म बज गया था। अलार्म बजते ही मौके पर मौजूद सभी कामगार बाहर निकल गए, जिसके चलते बड़ी जनहानि होने से टल गई।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे की जानकारी मिलते ही तारापुर अग्निशमन दल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, उपविभागीय पुलिस अधिकारी और पुलिस निरीक्षक सुनील जाधव ने भी कारखाने का दौरा कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसा आखिर किस वजह से हुआ, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
एक कर्मचारी हुआ घायल
जिला आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि यह घटना सुबह 10.45 बजे बोइसर के औद्योगिक इलाके में स्थित 'विराज प्रोफाइल्स प्राइवेट लिमिटेड' की स्टील पिघलाने वाली यूनिट में एक इंडक्शन फर्नेस (भट्टी) में हुई। उन्होंने बताया कि धमाके की वजह से स्टील प्लांट शेड की कई छत की शीटें क्षतिग्रस्त हो गईं। इस घटना में 45 साल का एक क्रेन ऑपरेटर मामूली रूप से घायल हो गया। अधिकारी ने बताया कि इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों ने उसे आगे के इलाज के लिए अस्पताल ले जाने से पहले घटनास्थल पर ही तुरंत मदद दी। उन्होंने कहा कि स्थानीय इमरजेंसी सेवाएं और औद्योगिक सुरक्षा अधिकारी घटना के सही कारण का पता लगाने के लिए जाँच कर रहे हैं। (इनपुट- हनीफ)
यह भी पढ़ें-
जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े शख्स को UP ATS ने किया गिरफ्तार, चंदा लेकर पाकिस्तान भेजता था रुपये; बनना चाहता था मुजाहिद