1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. VIDEO: हाईवे पर पलटा मिल्क टैंकर, वाहन रोक-रोककर लोगों ने बोतलों में भरा दूध, ग्रामीणों की भी जुटी भीड़

VIDEO: हाईवे पर पलटा मिल्क टैंकर, वाहन रोक-रोककर लोगों ने बोतलों में भरा दूध, ग्रामीणों की भी जुटी भीड़

मिल्क का टैंकर पलटते ही हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वाहन से उतर-उतर कर लोग बोतलों में दूध भरने लगे। पास के ग्रामीण लोग भी बड़ी संख्या में बाल्टी और बोतलों में दूध भरने आ गए।

अहमदाबाद-मुंबई हाईवे पर दूध का टैंकर पलटा- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT अहमदाबाद-मुंबई हाईवे पर दूध का टैंकर पलटा

महाराष्ट्र के पालघर जिले के दहानू तालुका में सोमवार दोपहर मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर दूध से भरा एक टैंकर पलट गया। हादसा तवा गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि चालक का वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। दूध के टैंकर के पलटते ही हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बोतल, बाल्टी और बर्तनों में दूध को भरने के लिए होड़ मच गई।

मुंबई की ओर जा रहा था टैंकर

ये हादसा दोपहर करीब 3 बजे उस समय हुआ, जब टैंकर मुंबई की ओर जा रहा था। दुर्घटना में टैंकर चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि किसी अन्य के हताहत होने की सूचना नहीं है। 

पूरी सड़क में बह रहा था दूध

टैंकर के पलटते ही उसमें भरा दूध सड़क पर बहने लगा और हाईवे का एक हिस्सा दूध से भर गया। पूरी सड़क में दूध बह रहा था। हाईवे पर दूध बहता देखकर स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ वहां से गुजर रहे वाहन चालक भी मौके पर पहुंच गए। कई लोग बोतल और अन्य बर्तनों में दूध भरकर ले जाते नजर आए।

हाईवे पर लग गया जाम

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं यातायात व्यवस्था संभाली। टैंकर पलटने के कारण मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। काफी देर तक कार, ट्रक और अन्य वाहन सड़क पर ही खड़े रहे। यातायात पुलिस ने किसी तरह ट्रैफिक सही करवाया।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

पुलिस ने क्षतिग्रस्त टैंकर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हो गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

काफी व्यस्त रहता है ये हाईवे

बता दें कि मुंबई-अहमदाबाद हाईवे महाराष्ट्र और गुजरात के बीच एक महत्वपूर्ण सड़क मार्ग है, जिस पर रोजाना बड़ी संख्या में यात्री और मालवाहक वाहन गुजरते हैं। ऐसे में हाईवे पर भारी वाहनों के पलटने या दुर्घटनाग्रस्त होने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो सकता है। दूध का टैंकर पलटते ही दहानू के तवा गांव के पास भी यही स्थिति बनी, जिसके बाद सड़क पर बहते दूध को देखकर स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंच गए। 

हनीफ की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

पहले पत्नी की हत्या, फिर पति ने दूसरी मंजिल से लगा दी छलांग, IT इंजीनियर के खौफनाक कदम से मचा हड़कंप