A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नाबालिग ने दोस्त के साथ मिलकर की चाची की हत्या, टीवी देखने के लिए पड़ी थी डांट

नाबालिग ने दोस्त के साथ मिलकर की चाची की हत्या, टीवी देखने के लिए पड़ी थी डांट

पालघर में एक नाबालिग ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपनी चाची की हत्या कर दी। जानकारी की मुताबिक उसकी चाची ने टीवी देखने को लेकर उसे फटकार लगाई थी, जिसके बाद दोनों ने इस घटना को अंजाम दिया।

भतीजे ने की चाची की हत्या। - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT भतीजे ने की चाची की हत्या।

पालघर: महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपनी ही चाची की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि महिला ने लगातार टीवी देखने की आदत के लिए नाबालिग को फटकार लगाई था। इसके बाद दोनों ने मिलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला की बेटी का उससे फोन पर संपर्क नहीं हुआ। इसके बाद उसने अपने भाई को मौके पर भेजा, जिसके बाद उसने घर में महिला का शव पड़ा हुआ पाया। पुलिस ने रविवार रात वसई पश्चिम के बेरहामपुर गांव में हुई इस घटना के सिलसिले में दो नाबालिग लड़कों को पकड़ा है।  

अकेले रहती थी महिला

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पूर्णिमा चौगुले-श्रींगी ने बताया कि 65 वर्षीय महिला सोमवार सुबह अपने बंगले में मृत पाई गई, जहां वह अकेली रहती थी। उन्होंने बताया कि जांच से पता चला कि महिला ने अपने भतीजे को पढ़ाई छोड़ने और टेलीविजन देखने की आदत को लेकर फटकार लगाई थी। डांट से नाराज नाबालिग ने अपने दोस्त को घर बुलाया था। डीसीपी ने बताया, ''आरोपी ने अपनी चाची पर लाठी से हमला कर दिया। हमले के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।'' 

लाठी से हमला कर की हत्या

डीसीपी ने मामले की जानकारी देते हुए आगे बताया कि हत्या का मामला तब सामने आया जब महिला की बेटी ने फोन पर उनसे संपर्क नहीं होने पर अपने भाई को वहां भेजा। भाई जब मौके पर पहुंचा तो उसने शव को फर्श पर पड़ा पाया। उन्होंने बताया कि पुलिस को इसकी सूचना मिली तो पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान पुलिस ने महिला के भतीजे से पूछताछ की, जिसने हत्या की बात कबूल कर ली। डीसीपी ने बताया कि दोनों लड़कों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें सुधार गृह भेज दिया गया है। 

यह भी पढ़ें-

महाशिवरात्रि के मेले में मधुमक्खियों ने किया हमला, झूले पर फंसे लोग; जान जोखिम में डालकर नीचे उतरे, सामने आया VIDEO