मुंबई: महाराष्ट्र के भयंदर के सरकारी अस्पताल में इलाज करवा रही एक बुजुर्ग महिला की चूहे के कुतरने के बाद मौत हो जाने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ICU में इलाज करा रही 89 वर्षीय बुजुर्ग महिला को चूहे द्वारा कुतरने के बाद उनकी मौत हो जाने का आरोप परिजनों ने लगाया है।
ICU में चूहों ने मचाया उत्पात
मृत महिला का नाम सुहासिनी माठेकर (उम्र 89 वर्ष) है। उन्हें 12 मार्च को भाईंदर पश्चिम स्थित भारत रत्न पंडित भीमसेन जोशी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। उनकी तबीयत गंभीर होने के कारण अस्पताल की चौथी मंजिल पर स्थित ICU में वेंटिलेटर पर उनका इलाज चल रहा था। ICU में जहां आम लोगों की एंट्री नहीं होती है, वहां चूहों ने वेंटिलेटर पर बेसहारा लेटी बुजुर्ग महिला के हाथ को कुतर डाला।
चूहे ने बुजुर्ग महिला का हाथ कुतरा
परिजनों के अनुसार, रविवार देर रात ICU में एक चूहे ने उनके हाथ को कुतर दिया। सोमवार सुबह करीब 6 बजे जब परिजन उन्हें देखने के लिए ICU में गए, तब यह घटना उनके सामने आई। उस समय महिला के दाहिने हाथ पर गंभीर घाव था और काफी मात्रा में खून बह चुका था। परिजनों ने बताया कि चूहा वहां से भाग गया था।
मरीजों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
परिवार के सदस्यों का आरोप है कि घाव के कारण अत्यधिक रक्तस्राव होने से दोपहर तक महिला की मौत हो गई। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि रात में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों या नर्सों को इस घटना की जानकारी कैसे नहीं हुई। इस घटना के बाद अस्पताल की सफाई व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है। परिजनों ने इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल के प्रबंधक ने नहीं दिया कोई रिएक्शन
इस बीच, इस मामले में अस्पताल के प्रबंधक जाफर तडवी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। वहीं अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण भी नहीं दिया गया है। इस घटना में प्रशासन की लापरवाही को देखते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग मनसे की ओर से की गई है।
(रिपोर्ट- हनिफ पटेल)
यह भी पढ़ें-
जबलपुर जिला अस्पताल में मरीजों के साथ रह रहे हैं चूहे, सिविल सर्जन बोले- 'चूहे, सांप, छिपकली वहां के मूल निवासी'
रात में महिला ने ऑर्डर की चूहे मारने की दवा, Blinkit ब्वॉय को महसूस हुआ खतरा और फिर जो हुआ सुनकर चौंक जांएगे