महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में गैस सिलेंडर को लेकर सियासत तेज हो गई है। राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने महाराष्ट्र के सहपालक मंत्री और बीजेपी नेता मंगल प्रभात लोढ़ा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एमएनएस का कहना है कि लोढ़ा पर गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने और एक विशेष समुदाय, जैन समाज, को प्राथमिकता देने का आरोप है।
शिकायत में क्या कहा गया?
एमएनएस कार्यकर्ताओं ने VP रोड पुलिस स्टेशन में मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मंत्री होने के बावजूद लोढ़ा ने सभी समाजों के लिए समान रूप से गैस उपलब्ध कराने की बात नहीं की, जिससे भेदभाव की स्थिति बनती है। साथ ही, उन पर कालाबाजारी के जरिए सिलेंडर बांटने का भी आरोप लगाया गया है।
आंदोलन की चेतावनी
एमएनएस ने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई नहीं की, तो एमएनएस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे । एमएनएस ने कहा है कि इस मुद्दे पर अन्य विपक्षी दल भी साथ आ सकते हैं।
पड़ताल में अलग तस्वीर सामने आई
वहीं, गिरगांव इलाके में जैन संस्थाओं को गैस सप्लाई के आरोपों की पड़ताल में अलग तस्वीर सामने आई। सौंचर जैन युवा मंडल के भोजनालय में गैस की किल्लत देखी गई, जहां सिर्फ एक सिलेंडर से सीमित खाना बन रहा है और बाकी खाना कोयले पर तैयार किया जा रहा है। ट्रस्टी पृथ्वीराज भंसाली ने भी गैस की कमी की पुष्टि करते हुए सरकार से मदद की मांग की।
मंत्री ने आरोपों पर क्या कहा?
इन आरोपों पर मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने सफाई देते हुए सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में जो भी व्यक्ति मदद के लिए आता है, वह उसकी सहायता करते हैं, चाहे वह किसी भी धर्म या समाज का हो। लोढ़ा ने यह भी कहा कि इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देना गलत है और विपक्ष सिर्फ राजनीति कर रहा है।
ये भी पढ़ें- सदन में उद्धव ठाकरे के विदाई सत्र में शायराना टकराव, देवेंद्र फडणवीस बोले, 'जिनको मेरा हाथ पकड़कर चलना था...'
देश में गैस की किल्लत के बीच LPG सिलेंडर चोरी की बड़ी वारदात, टेम्पो का लॉक तोड़ चुरा ले गए 27 सिलेंडर