मुंबई: चेंबूर के पास हार्बर लाइन पर ट्रेन सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित हो गईं। बताया जा रहा है कि ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) तार पर किसी ने कपड़ा फेंक दिया गया था, जिससे तकनीकी खराबी आ गई। इसकी वजह हार्बर लाइन पर आने और जाने वाली ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। सुबह के समय ट्रेन सेवाएं बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह घटना सुबह करीब 9:44 बजे प्लेटफॉर्म 2 पर हुई। रेलवे कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और रुकावट को हटाया। सुबह 10:13 बजे तक स्थिति सामान्य हो गई और ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू कर दिया गया, हालांकि प्रभावित रूट पर ट्रेनों की आवाजाही में देरी बनी रही।
बिजली तार पर फंसा था कपड़ा
जानकारी के अनुसार, सेवरी स्टेशन के प्लेटफॉर्म 2 पर ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) तार से कपड़े का एक टुकड़ा लटकता हुआ मिलने के कारण हार्बर लाइन पर ट्रेन सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित रहीं। यह घटना सुबह 9:44 बजे सामने आई, जिससे हार्बर लाइन अप पर ट्रेनें एक-दूसरे के पीछे कतार में आ गईं। रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर कपड़े को हटा दिया। सुबह 10:13 बजे रुकावट दूर कर दी गई, जिसके बाद ट्रेन परिचालन फिर से बहाल हो गया। इस घटना की वजह से प्रभावित सेक्शन पर उपनगरीय (सबअर्बन) सेवाओं में देरी हुई।
सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक लोकल ट्रेन पटरियों पर रुकी हुई दिख रही है और कई यात्री ट्रेन से उतरकर रेलवे लाइन के किनारे-किनारे चल रहे हैं। वीडियो में बड़ी संख्या में यात्रियों को स्टेशन की ओर जाते हुए देखा जा सकता है, जबकि कुछ यात्री अभी भी रुकी हुई ट्रेन के अंदर ही बैठे हैं। सुबह के व्यस्त समय में हुई इस रुकावट के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस हफ्ते की शुरुआत में सेंट्रल लाइन पर भी हुई थी बड़ी रुकावट
यह घटना सोमवार को सेंट्रल रेलवे नेटवर्क पर हुई एक बड़ी रुकावट के कुछ दिनों बाद सामने आई है, जिसमें हजारों यात्री फंस गए थे। उस समय दो अलग-अलग तकनीकी खराबी के कारण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ था। इससे पहले बारिश के कारण ट्रेन की परिचालन पर असर पड़ा था।
ये भी पढ़ेंः गैंगस्टर छोटा राजन समेत 5 आरोपी बरी, पुणे में शिवसेना नेता अजय भोसले की कथित हत्या का था मामला