मुंबईः मुंबई में भारी बारिश का असर लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी पड़ा है। मुंबई में भारी बारिश और पटरियों पर जलभराव के कारण, सीएसएमटी और ठाणे स्टेशन के बीच मुख्य रेल सेवाएं अगली सूचना तक स्थगित कर दी गई हैं। ठाणे , कर्जत, खोपोली और कसारा स्टेशनों के बीच शटल सेवाएं चल रही हैं।
हार्बर लाइन पर पर रेल सेवा ठप
मध्य रेलवे ने मंगलवार को बताया कि भारी बारिश के बाद छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) और कुर्ला स्टेशनों के बीच हार्बर लाइन पर एक सेक्शन में पटरियों के जलमग्न हो जाने के कारण लोकल ट्रेन सेवाएं स्थगित कर दीं। उन्होंने बताया कि कुर्ला और सायन स्टेशनों के बीच मुख्य लाइन पर भी रेल पटरियों पर पानी भर जाने के कारण सेवाएं स्थगित कर दी गईं।
रेल पटरियों पर भरा पानी
अधिकारियों ने बताया कि कुर्ला और सायन स्टेशन के बीच मुख्य लाइन पर भी पटरियों पर पानी भर जाने के कारण सेवाएं निलंबित कर दी गईं हैं। मध्य रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मीठी नदी के उफान पर होने के कारण पटरियां लगभग 12 इंच तक पानी में डूब गईं जिसके कारण 11 बजकर 20 मिनट पर हार्बर लाइन की सेवाएं सीएसएमटी और कुर्ला के बीच स्थगित कर दी गईं।
मुंबई मंडल के मंडल ने दी ये जानकारी
वहीं, मध्य रेलवे के मुंबई मंडल के मंडल रेल प्रबंधक हिरेन मीणा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘मुंबई में भारी बारिश और चूनाभट्टी स्टेशन पर जलभराव के कारण हार्बर लाइन पर कुर्ला और सीएसएमटी के बीच ट्रेन सेवाएं अगली सूचना तक स्थगित कर दी गई हैं। इससे पहले, मीणा ने शहर में भारी बारिश को देखते हुए लोगों से अपील की थी कि वे आवश्यक कार्य के लिए ही बाहर निकलें। लगातार बारिश के बाद कुछ स्थानों पर पटरियों पर पानी जमा होने के कारण पश्चिम रेलवे सहित उपनगरीय ट्रेन सेवाएं सुबह से ही विलंब से चल रही हैं।
इनपुट- पीटीआई