उद्धव टाकरे की पार्टी शिवसेना यूबीटी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद दुबे ने शुक्रवार को एकनाथ शिंदे की शिवसेना ज्वाइन कर ली है। बता दें कि आनंद दुबे ने उद्धव की पार्टी में अपने पद से और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। शुक्रवार को वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हुए। बता दें कि आनंद दुबे ने शिवसेना यूबीटी को छोड़ते हुए कहा था कि जिस ट्रेन में कॉकरोच हो वह उस ट्रेन से सफर नहीं करेंगे।
सीजेपी के साथ आंदोलन मंजूर नहीं- आनंद दुबे
आनंद दुबे ने शिवसेना से इस्तीफा देते हुए कहा था- पार्टी अपने हिंदुत्व के विचारों और बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा से भटक गई है। कांग्रेस और सीजेपी के साथ मिलकर आंदोलन करना उन्हें मंजूर नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा था- “वोट चोरी नहीं, इन लोगों की दिमाग चोरी है।” आनंद दुबे ने ध्रुव राठी, सरजील इमाम और उमर खालिद को अपना आदर्श मानने से इनकार करते हुए कहा कि वह ऐसे लोगों के साथ काम नहीं कर सकते। पार्टी छोड़ने के फैसले पर उन्होंने ट्रेन का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस ट्रेन में वह सफर कर रहे थे, उसमें कॉकरोच घुस गए थे, इसलिए उन्होंने प्लेटफॉर्म पर उतरना बेहतर समझा।
समर्थकों के साथ शिवसेना में शामिल हुए आनंद दुबे
शिवसेना ने आनंद दुबे के पार्टी में शामिल होने की जानकारी देते हुए कहा- "शिवसेना (UBT) गुट के राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद दुबे, अपने कई समर्थकों के साथ आज आधिकारिक तौर पर शिवसेना में शामिल हो गए। इस मौके पर, शिवसेना के प्रमुख नेता और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उनका और उनके साथियों का पार्टी में स्वागत किया और उनके भविष्य के सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर, उनके साथ गुलाबचंद दुबे, सुनील चौबे, बृजेश मौर्य, दशरथ प्रजापति, प्रवीण दुबे और धनंजय गुप्ता ने भी भगवा झंडा थामकर आधिकारिक तौर पर शिवसेना की सदस्यता ली। साथ ही, शिवसेना (UBT) युवा सेना से इमरान शेख, सलाउद्दीन, इरफान शेख, शिरान शेख और अलीम शेख भी आधिकारिक तौर पर शिवसेना में शामिल हो गए।"
एकनाथ शिंदे ने जताई ये उम्मीद
शिवसेना ने आगे कहा- "आनंद दुबे आज उस शिवसेना में शामिल हुए, जो 'हिंदू हृदय सम्राट' बालासाहेब ठाकरे और धर्मवीर आनंद दिघे साहब की विचारधारा पर चलती है। 'राष्ट्र सर्वोपरि' (Nation First) के सिद्धांत का जिक्र करते हुए, उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इसी विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उम्मीद जताई कि आनंद दुबे अब शिवसेना की असली विचारधारा को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करेंगे।"
ये भी पढे़ें- मुंबई में CJP का प्रदर्शन हुआ फ्लॉप, 50 से 80 लोग भी एक साथ नजर नहीं आए
महाराष्ट्र MLC चुनाव में महायुति के अंदर 'महाभारत'? BJP के खिलाफ एकनाथ शिंदे ने चला बड़ा दांव