उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना यूबीटी लंबे अरसे से संकट झेल रही है। एक के बाद एक कई नेता पार्टी को अलविदा कह रहे हैं। अब शिवसेना यूबीटी को एक और बड़ी झटका लगा है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद दुबे ने अपने पद से और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। आपको बता दें कि आनंद दुबे चुनाव आयोग के खिलाफ जारी आंदोलन और उसमें शिवसेना UBT की भागीदारी को लेकर नाराज बताए जा रहे थे। इसके बाद सोमवार को उन्होंने उद्धव की पार्टी से इस्तीफा दे दिया। पार्टी से इस्तीफा देने के बाद आनंद दुबे ने कई बड़े बयान जारी किए हैं।
मैं CJP के साथ काम नहीं कर सकता- आनंद दूबे
शिवसेना UBT को छोड़ने के बाद आनंद दुबे ने कहा- "चुनाव आयोग और SIR के मुद्दे पर शिवसेना यूबीटी की भूमिका से मैं सहमत नहीं था। मैं कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के साथ काम नहीं कर सकता।" शिवसेना यूबीटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद दुबे ने आज मुंबई में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और प्रवक्ता पद से इस्तीफा देते हुए कहा कि उन्होंने भारी मन से यह फैसला लिया है। पिछले कई महीनों से वह अंदर ही अंदर परेशान थे।
'जिस ट्रेन में कॉकरोच हो, उसमें सफर नहीं'
शिवसेना यूबीटी से इस्तीफा देने के बाद आनंद दुबे ने कहा- "शरजील इमाम, उमर खालिद और ध्रुव राठी उनके आदर्श नहीं हैं। मेरे आदर्श स्मित मच्छार हैं। मेरे आदर्श शिवाजी महाराज और वीर सावरकर है।" अपने आगे के सफर को लेकर आनंद दुबे ने कहा कि "जिस ट्रेन में कॉकरोच हो मैं उस ट्रेन में सफर नहीं करूंगा। जब उचित प्लेटफार्म मिलेगा उस पार्टी को जॉइन करूंगा।"
आदित्य ठाकरे करेंगे रैली
आपको बता दें कि शिवसेना यूबीटी INDIA गठबंधन का हिस्सा है और कांग्रेस के साथ मिलकर SIR की प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने सोमवार को शाम 4 बजे से 7 बजे तक मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में इस मुद्दे पर रैली भी बुलाई है। आदित्य ठाकरे ने कहा- "मुंबई में उन सभी लोगों के लिए जो हमारे देश, हमारे लोकतंत्र, हमारे संविधान और हमारे वोट के लिए खड़े होना चाहते हैं। आज छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में हमारे साथ जुड़ें। शाम 4 बजे से 7 बजे तक। कल हिरासत में लिए गए छात्रों को रिहा कराने के बाद, हमने आपसे वादा किया था कि हम आज आपके साथ खड़े होंगे और इस बेरहम सरकार से अपने लोकतंत्र को वापस पाने की हर लड़ाई में आपके साथ रहेंगे। आइए, एकजुट हों।"
ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र में SIR का नया शेड्यूल जारी, दावे-आपत्तियों की तारीख बढ़ी, 16 नवंबर को आएगी फाइनल वोटर लिस्ट