महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले से युवती की हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के भूदरगढ़ तहसील के शिवदाव-नाइकवाड़ी इलाके में एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को घाटी में धकेल कर उसकी हत्या कर दी। युवती की कहीं और शादी तय हो गई थी, इसी गुस्से में युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया। युवती तरन्नुम बशीर नाइक इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी। उसके प्रेमी श्रीपाद दिनकर वडर पर हत्या का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ के दौरान युवती को घाटी में धक्का देने की बात कबूल की है।
शादी कहीं और तय होने से नाराज था आरोपी
पुलिस निरीक्षक संदीप जगताप के मुताबिक, तरन्नुम और श्रीपाद के बीच पिछले पांच साल से प्रेम संबंध थे। इस बीच, तरन्नुम के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। इसके बाद तरन्नुम ने आरोपी के फोन उठाना बंद कर दिया था। पुलिस का कहना है कि इसी बात से नाराज होकर श्रीपाद ने उसे मिलने के बहाने बुलाया और शिवदाव-नाइकवाड़ी की घाटी की ओर ले गया। वहां श्रीपाद ने तरन्नुम को घाटी में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने इस वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है।
लापता होने के बाद शुरू हुई तलाश
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को तरन्नुम के अचानक लापता होने के बाद उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई। शुरुआत में इस संबंध में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस निरीक्षक संदीप जगताप ने बताया कि थाने पहुंचने के बाद संदिग्ध ने शुरुआत में यह दिखाने की कोशिश की कि तरन्नुम ने आत्महत्या की है। हालांकि, पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई गई।
रेस्क्यू टीम ने घाटी से बरामद किया शव
भूदरगढ़ पुलिस और सह्याद्री रेस्क्यू टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर घाटी से तरन्नुम का शव बरामद किया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में पहले अपहरण का केस दर्ज किया गया है। अब हत्या से संबंधित धाराएं भी जोड़ी जाएंगी। फिलहाल, भूदरगढ़ पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
(रिपोर्ट- समीर मुजावर)
ये भी पढ़ें-
कौन हैं परगट सिंह? हॉकी के मैदान से सियासत तक का सफर, अब संभाली पंजाब कांग्रेस की कमान