1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. "हमारे शव ले जाओ" पिता को मैसेज भेजकर नौसेना जवान ने पहले पत्नी और बेटों को मारा, फिर की खुदकुशी

"हमारे शव ले जाओ" पिता को मैसेज भेजकर नौसेना जवान ने पहले पत्नी और बेटों को मारा, फिर की खुदकुशी

मुंबई के कोलाबा स्थित नेवी नगर में नौसेना के जवान पूरनमल मेहरा ने पत्नी और दो बेटों की हत्या के बाद खुदकुशी कर ली थी। प्राथमिक जांच में पता चला कि पत्नी और बच्चों को अलग-अलग तरीके से मारा।

mumbai, navy sailor suicide- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT (PTI) नौसैनिक पूरनमल मेहरा (बाएं)

मुंबई के कोलाबा स्थित नेवी नगर में एक नौसैनिक ने अपनी पत्नी और दो बेटों की हत्या के बाद खुदकुशी की थी। मामले की जांच के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक नौसेना के जवान पूरनमल मेहरा ने अपनी पत्नी और बच्चों को अलग-अलग तरीके से मारा। जांच में यह भी पता चला कि जवान ने इस घटना से पहले अपने पिता को मैसैज भेजा था और कहा था कि हमारे शव ले जाओ। पुलिस इस मामले में हत्या का केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है।

तकिए से दम घोंटा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, पूरनमल मेहरा ने पत्नी और दो महीने के बेटे का तकिए से दम घोंटा, जबकि बड़े बेटे को जहर दिया। इसके बाद उसने खुदकुशी कर ली। प्रारंभिक मेडिकल रिपोर्ट में उसकी पत्नी ओमा और दोनों बच्चों की मौत को हत्या बताया गया है।

केमिकल एनालिसिस और टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट का इंतजार 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना की आखिरी कड़ियों को जोड़ने पर सामने आया है कि मेहरा ने मास्टर बेडरूम में तकिए की मदद से अपनी पत्नी ओमा और दो महीने के बेटे दर्श का दम घोंटा।  वहीं, उसके बड़े बेटे यश की मौत खाने के जरिए जहर दिए जाने से होने का संदेह है। पुलिस को केमिकल एनालिसिस और टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे यह पता चलेगा कि कौन-सा पदार्थ इस्तेमाल किया गया था।

14 अगस्त की रात पिता को भेजा था मैसेज

जांच के दौरान यह पता चला कि नौसैनिक पूरनमल मेहरा ने 14 अगस्त की रात करीब 11 बजे अपने पिता को व्हाट्सऐप पर "आकर हमारे शव ले जाओ" संदेश भेजा था। अगले दिन चारों के शव घर से बरामद हुए। पुलिस मोबाइल फोन फॉर्मेट किए जाने और डिलीट डेटा की जांच कर रही है।  इस मामले में अब तक आठ लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। जांच में पारिवारिक, आर्थिक और वैवाहिक तनाव की बात सामने आई है। वहीं यह भी पता चला कि जवान पूरनलाल मेहरा का इलाज भी चल रहा था। फिलहाल पुलिस अब पोस्टमार्टम, टॉक्सिकोलॉजी और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

बता दें कि कोलाबा स्थित नेवी नगर इलाके में उस समय हड़कंप मच गया था जब एक नौसेना कर्मी, उसकी पत्नी और दो बच्चों का शव बरामद हुआ था। कफ परेड पुलिस के मुताबिक मृतक व्यक्ति का नाम पुरणमल शंभूलाल मेहरा (उम्र 30 वर्ष) है, जो फांसी लगाए हुए अवस्था में पाए गए। उनकी पत्नी ओमा पूरनमल मेहरा (उम्र 28 वर्ष), बेटा यश पूरनमल मेहरा (उम्र 3 वर्ष) और 2 महीने का शिशु बिस्तर पर मृत अवस्था में पाए गए। चारों मृतकों के शवों को मुंबई के जे.जे. अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया था।

ये भी पढ़ेे:

पैसे की तंगी ने कराई भाई से भाई की फिरौती की मांग, खुद का अपहरण का VIDEO भेजकर मांगे 5 लाख