1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई में आफत की बारिश, कई इलाकों में जलभराव, BEST की बसें और लोकल ट्रेनों पर भी असर

मुंबई में आफत की बारिश, कई इलाकों में जलभराव, BEST की बसें और लोकल ट्रेनों पर भी असर

मुंबई में बारिश कहर बरपा रही है। कई इलाकों से जलभराव की खबरें आ रही हैं। वहीं बेस्ट की बसें और लोकल ट्रेनों पर भी असर पड़ा है। वहीं बीएमसी ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है।

Mumbai rain- India TV Hindi
Image Source : PTI मुंबई बारिश

मुंबई:  मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश ने जन-जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई इलाकों में पानी भरने की खबर है। वहीं बारिश के चलते बेस्ट की बसें और लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ा है। बारिश के चलते जलभराव के साथ ही पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। वहीं भारी बारिश के रेड अलर्ट के चलते और स्कूल और कॉलेज को पहले ही बंद कर दिया गया था।

कहां कितनी बारिश?

बीएमसी के मुताबिक मुंबई में सुबह से रुक-रुक कर मूसलाधार बारिश हो रही है। सुबह 8 बजे से अब तक सबसे ज्यादा बारिश कोलाबा में 290 मिमी दर्ज की गई है। पूर्व उपनगर के विक्रोली में 114 मिमी, तिलक नगर में 111 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं पश्चिम उपनगर वर्सोवा में 114 मिमी, जोगेश्वरी में 112 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जबकि दक्षिण मुंबई के मरीन लाइन्स में 121 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

इन इलाकों में भरा पानी

बीएमसी से मिली जानकारी के मुताबिक कई जगहों पर सड़क पर पानी भर गया है। पूर्व उपनगर में काकीनाडा, मानखुर्द, कुर्ला, अशोक नगर, कुर्ला वेस्ट, डीडब्ल्यूएसआर बंधन, पवई, माझिवाडा में और पश्चिम उपनगर में अंधेरी, विले पार्ले, मालाड, गोरेगांव, दहिसर में पानी भरने की शिकायतें मिली हैं।

वसई के मधुबन इलाके में रेस्क्यू ऑपरेशन

वसई पूर्व के मधुबन इलाके की हैं, जहां भारी बारिश के बाद जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई। इलाके में कई जगह पानी का स्तर लोगों के गले तक पहुंच गया, जिससे स्थानीय निवासी फंस गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। जवानों ने रस्सियों की मदद से जलमग्न क्षेत्र में पहुंचकर करीब 20 से 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान फायर ब्रिगेड के जवानों ने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।

Image Source : Reporter Inputवसई ईस्ट मधुबन इलाके की तस्वीर

कुर्ला पूर्व के नेहरू नगर इलाके में पानी भरा

मुंबई के कुर्ला पूर्व के नेहरू नगर इलाके में सड़क पर करीब दो फीट से ज्यादा पानी भर चुका है। गाड़ियों के पहिए आधे तक पानी में डूबे हुए हैं और लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि आसपास के स्कूल परिसरों में भी पानी घुस गया है।

जान-माल का नुकसान

वहीं बारिश से जान-माल के नुकसान की बात करें तो दक्षिण मुंबई में एक शख्स की मौत हुई हैं। वहीं अन्य घटनाओं में तीन लोग घायल हुए हैं।  मरीन लाइन्स के पास बस का शीशा गिरने से 1 पुरुष और 1 महिला के घायल होने की खबर है।

ट्रेन और बस सेवा पर असर

  1. पश्चिम रेलवे: नालासोपारा और वसई के बीच ट्रैक पर पानी आने से 20-25 मिनट देरी
  2. मध्य रेलवे: ट्रेनें सामान्य रुप से चल रही हैं
  3. BEST: पानी भरने की वजह से पश्चिम में 5 और पूर्व में 1 रूट प्रभावित

कई सड़कें बंद

जलभराव और हादसों की आशंका के कारण बीएमसी और पुलिस ने कई सड़कों से आवाजाही बंद कर दी है। नागरिकों से इन रास्तों पर न जाने की अपील की गई है।

  1. चेंबूर पेंशन गुंफा रोड
  2. ई. हाईवे मेगा रोड
  3. अंधेरी वीरन बाग डीरार रोड
  4. बीकेसी का मॉल कनेक्टिंग रोड
  5. गोरेगांव लिंक रोड

ताज होटल के पास गिरा पेड़

तेज बारिश की वजह से मुंबई के कोलाबा में स्थित ताज होटल के पास एक बड़ा पेड़ गिर गया। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मालाड पश्चिम में पेड़ गिरने से से एक गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। किसी के घायल होने की खबर नहीं है। 

Image Source : Reporter Inputकोलाबा में ताज होटल के पास पेड़ गिरा

जोगेश्वरी (वेस्ट) के वैशाली नगर में सड़कों पर भरा पानी

पश्चिम उपनगर के जोगेश्वरी (वेस्ट) के एसवी रोड के वैशाली नगर के इलाके में सड़क पर बरसात का पानी भर गया है। मेनहोल का ढक्कन पानी के तेज बहाव की वजह से खुल गया है। बीएसमी की ओर से वहां बैरिकेडिंग कर दी गई है। स्थानीय नागरिक नाराजगी वयक्त कर रहे हैं। उनका कहना है कि नाला सफाई  ठीक ढंग से नही  हो पाई है जिसकी वजह से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है।

चेंबूर में सीएसटी रोड भी डूबा

उधर, चेंबूर के स्वस्तिक पार्क इलाके में सीएसटी रोड भी पानी में डूबा हुआ है। सड़क पर काफी पानी जमा होने से लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सड़क किनारे मौजूद दुकानों में भी पानी घुसने का खतरा बना हुआ है। दुकानदारों का कहना है कि अगर बारिश की रफ्तार और तेज हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं तथा दुकानों में पानी भरने से भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

मंत्री ने लिया जायजा

मुंबई में लगातार हो रही बारिश की स्थिति का जायजा लेने के लिए मंत्री गिरीश महाजन बीएमसी डिजास्टर कंट्रोल रूम पहुंचे । मंत्री ने कहा कि भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने सभी आवश्यक सुरक्षा और राहत व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। बीएमसी और संबंधित विभागों की टीमें 24 घंटे अलर्ट पर हैं। रेड अलर्ट के मद्देनज़र लोगों, विशेषकर पर्यटकों से अपील कि बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें और समुद्र किनारे सेल्फी या जोखिम भरी गतिविधियों से बचें। बीएमसी ने लोगों से घरों में रहने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की अपील की है।

ये भी पढ़ें:
मुंबई मेट्रो में तकनीकी खराबी, ट्रेनों की आवाजाही बाधित; बारिश में बढ़ी लोगों की परेशानी
देश के कई राज्यों में बारिश ने मचाई तबाही, कहीं सड़कें नदी बनीं तो कहीं बाढ़ जैसे हालात