1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नागपुर मर्डर मिस्ट्री का 36 घंटे में खुलासा, शादी के विवाद में बॉयफ्रेंड ने नदी में महिला को पुल से दिया धक्का

नागपुर मर्डर मिस्ट्री का 36 घंटे में खुलासा, शादी के विवाद में बॉयफ्रेंड ने नदी में महिला को पुल से दिया धक्का

आरोपी ने महिला को पुल से नीचे धक्का दे दिया था। इसके बाद घटनास्थल से वह फरार हो गया। रात 3 बजे ग्रस्त के दौरान रेलवे ट्रैकमैन को पुल से तेज आवाज सुनाई दी थी।

आरोपी हुआ गिरफ्तार- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आरोपी हुआ गिरफ्तार

नागपुर की कान्हान नदी में मिली महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला था। मामले में मृतका के बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, शादी को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने महिला को पुल से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस के मुताबिक, प्रताप नगर निवासी अश्विनी उर्फ आशी डे का शव रविवार देर रात कान्हान नदी में मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया। शुरुआत में महिला की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए उसकी तस्वीर साझा की। बाद में उसकी पहचान प्रताप नगर निवासी अश्विनी डे के रूप में हुई।

खंगाले गए सीसीटीवी कैमरे

पहचान होने के बाद पुलिस ने आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं से जांच शुरू की। हालांकि घटनास्थल और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को शुरुआत से ही हत्या की आशंका थी। इसके बाद जांच का फोकस पूरी तरह हत्या के एंगल पर कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और यह पता लगाने की कोशिश की कि अश्विनी आखिरी बार किसके साथ और कैसे कान्हान पुल तक पहुंची थी।

तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस 36 घंटे के भीतर इस निष्कर्ष पर पहुंची कि महिला की हत्या की गई है। इसके बाद कामठी निवासी आशीष किशोर मनपिया उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया गया।

बाइक से गई थी कान्हान नदी में घूमने

जांच में सामने आया कि फ्रेंडशिप डे की रात अश्विनी अपने दोस्त आशीष के साथ दोपहिया वाहन से कान्हान नदी घूमने गई थी। दोनों कुछ देर तक पुराने पुल पर बैठे रहे। इसी दौरान शादी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई। पुलिस के अनुसार, गुस्से में आकर आरोपी ने अश्विनी को पुल से नीचे धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गया।

ट्रैकमैन ने आरोपी को भागते हुए भी देखा

रात करीब तीन बजे गश्त के दौरान एक रेलवे ट्रैकमैन ने पुल की ओर से तेज आवाज सुनी। टॉर्च की रोशनी में देखने पर उसे पुल के नीचे एक महिला दिखाई दी। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। ट्रैकमैन ने पुलिस को यह भी बताया कि उसने घटना के तुरंत बाद एक युवक को दोपहिया वाहन से तेजी से वहां से भागते हुए देखा था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका का मोबाइल फोन भी गायब था। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मामले की कड़ियां जोड़ीं, जिससे आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।

आरोपी के खिलाफ पहले से ही 10 आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आशीष किशोर मनपिया के खिलाफ पहले से डकैती, लूट और चोरी सहित करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, मृतका के खिलाफ भी दो प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों नशे के आदी थे और प्रारंभिक जांच में उनके ड्रग्स तस्करों के संपर्क में होने की भी जानकारी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें: 

8 महीने की बेटी को अपने साथ मायके ले जाना चाहती थी, विवाद के बीच ससुर के धक्के से गई बहू की जान