मध्यप्रदेश के जबलपुर ग्राम मझौली में दो परिवारों के सदस्यों के बीच उस वक्त टकराव हो गया, जब युवती ने शादी से इंकार कर दिया। युवती के इनकार के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों परिवारों के बीच हिंसक जंग छिड़ गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठियों से हमला कर दिया। यही नहीं, आपसी झगड़े में इन परिवारों ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को आग के हवाले कर दिया, जिससे इलाके में चीख पुकार और भगदड़ मच गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को इस पूरे विवाद की सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी बल सहित मौके पर पहुंच गए। जिनकी सूचना पर आई फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पा लिया।
महिला के शादी से इनकार करने पर हुआ विवाद
खबर है कि मझौली क्षेत्र में रहने वाले युवक और युवती के बीच लम्बे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। युवक-युवती के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग को देखते हुए दोनों परिवार बच्चों की खुशी की खातिर शादी के लिए तैयार हो गए। मगर इसी बीच लड़के और लड़की के बीच किसी बात पर विवाद हुआ और युवती ने शादी से इंकार कर दिया। जैसे ही ये बात दोनों परिवार को पता चली, दोनों परिवारों में भी तनाव हो गया। युवती के इनकार के बाद दोनों परिवारों ने साथ मिलकर इस पर बात करने का फैसला लिया, मगर इसी मुलाकात के दौरान दोनों परिवारों के बीच विवाद हो गया।
आपसी बवाल में वाहनों को लगाई आग
बातचीत के दौरान दोनों ही पक्षों के बीच सहमति नहीं बनी और हालात बिगड़ गए। तिवारी और सराफ के लोगों के बीच जमकर विवाद हुआ। इस दौरान दोनों तरफ से मारपीट और लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया गया। विवाद इतना बढ़ा कि सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों में आग लगा दी गई। सूचना मिलते ही मझौली थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। साथ ही फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाई गई।
लड़की की शादी कहीं और तय होने पर लड़के ने किया ब्लैकमेल
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकान्त शर्मा का कहना है कि लड़का-लड़की के बीच दोस्ती थी। लेकिन, लड़की की शादी कहीं और तय हो गई, जिससे लड़के का पारा चढ़ गया और उसने मोबाइल पर कुछ मैसेज किए, जिससे परिवार आक्रोशित हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। पुलिस ने काउंटर एफआईआर दर्ज कर ली है और करीब 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
(रिपोर्टः सूर्यकांत शर्मा)
ये भी पढ़ेंः भैंस की रस्सी में फंसा पैर, 50 मीटर घिसटता रहा 4 साल का मासूम, मौके पर ही हो गई मौत, गांव में पसरा मातम
गढ़ी के अंदर गोली कांड, सौतन ने ब्याहता पत्नी को मारी गोली, जोधपुर राजघराने की बेटी घायल