1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नागपुर में चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसला यात्री, RPF जवान ने मौत के मुंह से खींच ली जिंदगी; VIDEO

नागपुर में चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसला यात्री, RPF जवान ने मौत के मुंह से खींच ली जिंदगी; VIDEO

नागपुर में आरपीएफ जवान ने एक यात्री को मौत के मुंह से खींचकर बाहर निकाला। दरअसल, ट्रेन में चढ़ते समय यात्री का पैर फिसल गया, जिससे वह गिर गया। इसी दौरान आरपीएफ जवान ने तत्परता दिखाते हुए उसे खींचकर बाहर निकाल लिया और उसकी जान बचा ली।

यात्री चलती ट्रेन में...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था।

भारतीय रेलवे के प्लेटफार्मों पर अक्सर देखी जाने वाली लापरवाही और जल्दबाजी कभी-कभी जानलेवा साबित हो जाती है। लेकिन ऐसे मौकों पर रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) के जाबांज जवानों की तत्परता और साहस ही यात्रियों की जान बचाता है। इसी तरह का एक दिल दहला देने वाला लेकिन सुखद अंत वाला हादसा 1 अक्टूबर 2026 को नागपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 पर हुआ, जहां आरपीएफ जवान ने अपनी सूझबूझ और फुर्ती से एक यात्री की जान बचाई।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को RPF जवान  राकेश पाल प्लेटफॉर्म क्रमांक 4 पर बीट संख्या A-6 में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान हावड़ा एसी दुरंतो एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12261) प्लेटफॉर्म से रवाना हो रही थी। तभी एक यात्री ने चलती ट्रेन में दौड़कर चढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान ट्रेन के दरवाजे पर बने पायदान से उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच खाली जगह में गिरने लगा।

RPF कांस्टेबल ने ऐसे बचाई जान

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए  RPF जवान राकेश पाल ने तत्काल दौड़कर यात्री को संभाला और उसे ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच गिरने से बचा लिया। उन्होंने तुरंत उस यात्री का हाथ पकड़ा और पूरी ताकत से उसे गैप से बाहर खींचकर सुरक्षित प्लेटफार्म पर ला दिया। इस पूरी घटना में महज कुछ सेकंड लगे, लेकिन इन सेकंडों ने एक जिंदगी बचा ली। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।

घटना का वीडियो-

 

आरपीएफ जवान की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से एक संभावित गंभीर दुर्घटना टल गई। इसके बाद यात्री से उसकी कुशलक्षेम पूछी गई, जिस पर उसने खुद को स्वस्थ बताया। ट्रेन रोके जाने के बाद यात्री उसी ट्रेन में सवार होकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया। यात्री के तत्काल ट्रेन में चले जाने के कारण उसका नाम एवं अन्य विवरण प्राप्त नहीं किया जा सका।

इससे कुछ समय पहले यूपी के कानपुर रेलवे स्टेशन से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था। यहां एक यात्री चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास करने लगा लेकिन संतुलन नहीं बना सका। यात्री फिसलकर ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच के खतरनाक गैप में गिर गया था। 

यह भी पढ़ें-

चलती ट्रेन में बर्थ पर दीपक जलाकर पूजा करने वाले यात्री पर हुआ एक्शन, मध्य रेलवे ने दी जानकारी

रायबरेली स्टेशन पर GRP सिपाही की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा, चलती ट्रेन से गिरती महिला को बचाया