महाराष्ट्र के नासिक शहर में आयोजित एक टीकाकरण शिविर के बाद 17 साल की नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। यह घटना खुटवडनगर क्षेत्र की है, जहां नगर निगम की तरफ से नियमित टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा था। मृतक नाबालिग की पहचान श्रावणी अनिल पाटिल के रूप में हुई है।
अचानक चक्कर खाकर गिरी लड़की
मिली जानकारी के अनुसार, वह अपने पिता के साथ टीका लगवाने के लिए शिविर में पहुंची थी। Tetanus का इंजेक्शन लगने के कुछ ही मिनट बाद उसे अचानक चक्कर आया और वह सड़क पर गिर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गिरने के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट भी लगी।
परिवार ने जताई टीके के दुष्प्रभाव की आशंका
परिजन और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार ने टीके के दुष्प्रभाव की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
CCTV में रिकॉर्ड हुई लड़की के गिरने की घटना
घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नाबालिग लड़की एक दुकान पर खड़ी हुई दिख रही है। कुछ देर बाद ही वह डगमगाकर सड़क पर गिर जाती है। फिर, वहां आसपास खड़े लोग उसकी मदद के लिए दौड़ते हैं। अस्पताल लेकर बिना देर किए उसको इलाज के लिए जाते हैं। जांच में यह वीडियो अहम हिस्सा बन सकता है।
फॉरेसिंक जांच में पता चलेगा मौत का कारण
नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। एहतियात के तौर पर संबंधित वैक्सीन बैच की भी जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, उसी बैच से अन्य लोगों को भी टीका लगाया गया था, इसलिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मामले की जांच में जुटा स्वास्थ्य विभाग
फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। पूरे घटनाक्रम पर स्थानीय लोगों और परिजनों की नजरें अब पोस्टमॉर्टम तथा फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जिससे किशोरी की मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।
(इनपुट- चिराग शर्मा)
ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र के पनवेल में जहरीला पानी पीने से 7 गायों की मौत और 19 बीमार, केमिकल वाले पानी से महिलाओं को भी मिसकैरिज की शिकायत