मुंबई: नीट पेपर लीक मामले को लेकर कल राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकलेगी। राज ठाकरे ने पोस्ट कर बताया है कि कल का मोर्चा बिना किसी राजनैतिक पार्टी के झंडे के निकला जाएगा।
राज ठाकरे ने इस यात्रा को लेकर सभी को पत्र भी लिखा है। राज ठाकरे ने लिखा, "मेरे सभी महाराष्ट्र सैनिकों और शिवसैनिकों के नाम, सप्रेम, जय महाराष्ट्र! आगामी 26 जुलाई को हम NEET परीक्षा में हुई गड़बड़ियों, छात्रों के चल रहे आंदोलन और सरकार द्वारा इस आंदोलन को दबाने के प्रयासों के विरोध में 'तिरंगा मार्च' आयोजित कर रहे हैं। इसके बारे में आपको दोनों दलों के नेताओं और केंद्रीय कार्यालयों की ओर से सूचना मिल चुकी होगी।"
राज ने कहा, "यह 'तिरंगा मार्च' केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के रवैये के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराने के लिए निकाला जा रहा है। साथ ही, इसका उद्देश्य यह संदेश देना है कि पूरा महाराष्ट्र छात्रों, उनके परिवारों और उन लोगों के साथ खड़ा है जो न तो दिल्ली जा सकते हैं और न ही मुंबई आकर अपना विरोध दर्ज करा सकते हैं।"
यह पूरी तरह गैर-राजनीतिक मार्च होगा: राज
उन्होंने कहा, "यह पूरी तरह गैर-राजनीतिक मार्च होगा। इसमें किसी भी राजनीतिक दल का झंडा नहीं रहेगा और न ही किसी पार्टी या उसके नेताओं के समर्थन में नारे लगाए जाएंगे। केवल सरकार के खिलाफ विरोध और देशभर के छात्रों तथा युवाओं के समर्थन में आवाज़ उठाई जाएगी। भले ही इस मार्च का आह्वान मैंने और उद्धव जी ने किया है, लेकिन हमारे नाम के नारे भी नहीं लगाए जाएं। यह छात्रों का मार्च है और आप सभी इसे उसी भावना के साथ सफल बनाएंगे, मुझे पूरा विश्वास है।"
उन्होंने कहा, "कोई भी इस मार्च में बाधा डालने की हिम्मत नहीं करेगा, क्योंकि सभी जानते हैं कि हम क्या कर सकते हैं। फिर भी यदि कुछ लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश करें, गलत नारे लगाएं या वहां मौजूद अभिभावकों, विशेषकर महिलाओं और छात्राओं से अभद्र व्यवहार करें, तो उन्हें शांतिपूर्वक पास में मौजूद पुलिस के हवाले कर दें। जहां पुलिस मौजूद न हो, वहां परिस्थिति के अनुसार उचित तरीके से निपटने का अनुभव और सामर्थ्य आप सभी के पास है।"
मुझे विश्वास है कि आप सभी आएंगे: राज
उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र सैनिकों और शिवसैनिकों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि मुझे विश्वास है कि आप सभी आएंगे। लेकिन अपने साथ अधिक से अधिक छात्रों और उनके अभिभावकों को भी लेकर आएं, पूरे मार्च के दौरान उनका ध्यान रखें और उन्हें सुरक्षित घर पहुंचने में मदद करें। बाकी सरकारों के बारे में मैं नहीं जानता, लेकिन मुझे विश्वास है कि महाराष्ट्र पुलिस बच्चों के भविष्य और उनके जीवन से जुड़े इस मुद्दे पर हमारे साथ खड़ी है।"
उन्होंने कहा, "आप सभी को समय और स्थान की जानकारी पहले से दी जा चुकी है। तो आइए, 26 जुलाई को सुबह 10 बजे, शिवाजी पार्क स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के पास एकत्र हों। हम आपकी, छात्रों की और उनके अभिभावकों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। आइए, शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली को दिखाएं कि देश की जनता के मन में कितना आक्रोश है। आपका,राज ठाकरे"
गौरतलब है कि इससे पहले उद्धव ठाकरे ने महायुति को लीकेज सरकार बताया था और अयोध्या-नीट मामले पर जमकर बरसे थे।
ये भी पढ़ें-
CM फडणवीस ने राज ठाकरे पर चुटकी ली, बोले- "ना सांसद है, ना विधायक...चैन की नींद सोऊंगा और किसी के टूटने का डर नहीं"