1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में ऑपरेशन टाइगर! शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के कुछ सांसद 'नॉट रीचेबल', दिल्ली में होने की खबर

महाराष्ट्र में ऑपरेशन टाइगर! शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के कुछ सांसद 'नॉट रीचेबल', दिल्ली में होने की खबर

महाराष्ट्र में शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट परेशानी में पड़ सकता है क्योंकि यहां ऑपरेशन टाइगर की चर्चा चल रही है और कहा जा रहा है कि इस पार्टी के कुछ सांसद नॉट रीचेबल हैं।

Operation Tiger- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के कुछ सांसद नॉट रीचेबल

मुंबई: महाराष्ट्र में इस वक्त ऑपरेशन टाइगर को लेकर चर्चाएं तेज चल रही हैं। ऐसा बताया जा रहा है, कि शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के कुछ सांसद नॉट रीचेबल है और वे दिल्ली में हैं।  हालांकि इस बीच मुंबई नॉर्थ ईस्ट से शिवसेना UBT के सांसद संजय दिना पाटिल से इंडिया टीवी की फोन पर बात हुई। उनका कहना है, कि वे अभी भी मुंबई में हैं और कहीं नहीं जाने वाले हैं। आज उनके पोती का जन्मदिन है। 

जब उनसे पूछा गया कि आपकी पार्टी के कुछ सांसदों के चार्टर्ड फ़्लाइट से दिल्ली जाने की खबर आ रही है, तो संजय दिना पाटिल का जवाब था, कि नहीं भाई मुझे डर लगता है, मेरी पत्नी चार्टर्ड फ़्लाइट से जाने भी नहीं देगी। बाकी हमारी पार्टी के प्रवक्ता संजय राउत हैं, वही जवाब देंगे। मैं आज और अभी तो मुंबई में हूं।

सूत्रों के मुताबिक बड़ी राजनीतिक हलचल

सूत्रों के अनुसार, उद्धव ठाकरे गुट (UBT) के सांसद बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे श्रीकांत शिंदे के दिल्ली स्थित आवास पर बैठक करेंगे। इस बैठक में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और श्रीकांत शिंदे भी मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि बैठक के बाद ये सांसद ओम बिरला से मुलाकात करेंगे। सूत्रों का दावा है कि पहले ये सांसद लोकसभा में अलग गुट बनाने की प्रक्रिया पूरी करेंगे और उसके बाद इस गुट का शिंदे नेतृत्व वाली शिवसेना में विलय कराया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक उद्धव ठाकरे गुट (UBT) के 6 सांसदों के शिंदे शिवसेना के संपर्क में होने की चर्चा है। इन सांसदों के नाम इस प्रकार बताए जा रहे हैं- 

  1. संजय दीना पाटिल
  2. संजय देशमुख
  3. नागेश पाटिल आष्टीकर
  4. ओमराजे निंबालकर
  5. भाऊसाहेब वाकचौरे
  6. संजय जाधव

इसके अलावा राजाभाऊ वाजे का नाम भी चर्चाओं में सामने आ रहा है।

संजय राउत का भी पोस्ट सामने आया

इस मामले पर राज्यसभा सांसद संजय राउत ने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया है। उन्होंने सीएम देवेंद्र फडणवीस को टैग करते हुए लिखा, "अपना सपना मनी… मनी! महाराष्ट्र के सांसदों को खरीदने के लिए आज रात प्रत्येक को 15 करोड़ रुपये की एडवांस रकम दिए जाने की जानकारी बेहद चौंकाने वाली और घृणित है!"